भोपाल, 30 जून 2026: इस प्रकार के मामलों में अक्सर पर्दे के पीछे काफी कुछ होता है लेकिन समाचार केवल पुलिस थाने में दर्ज FIR के आधार पर ही लिखना होता है। तो मामला ऐसा है कि भोपाल में एक रिटायर्ड आईपीएस ऑफिसर और उनके क्रिकेटर बेटे के खिलाफ अपने ही नौकर से मारपीट का मामला दर्ज हुआ है।
रिटायर्ड आईपीएस का नाम श्री शैलेश सिंह है, जो मध्य प्रदेश पुलिस में स्पेशल डीजी के पद से रिटायर हुए। उनके बेटे का नाम श्री शशांक सिंह है, जिन्होंने हाल ही में आईपीएल में पंजाब किंग्स की तरफ से बल्लेबाजी की थी और काफी फेमस हो गए थे। शिकायत करने वाले का नाम विपेन्द्र सिंह तोमर है, रीवा के रहने वाले हैं। भोपाल के रातीबड़ थाना पुलिस ने सोमवार को BNS की धारा 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की है।
शिकायत करने वाले युवक ने एक वीडियो भी जारी किया है। पुलिस को अपनी शिकायत में, रीवा निवासी विपेंद्र सिंह तोमर (31) ने बताया कि परिचित मोहित सिंह सेंगर के जरिए उसे भोपाल बुलाया गया था। उससे कहा गया कि शैलेष सिंह के यहां खाना बनाने का काम करना है और बाद में सरकारी नौकरी लगवाने में मदद की जाएगी। नीलबड़ स्थित घर पर 15 हजार रुपए मासिक वेतन, रहने और खाने की व्यवस्था तय हुई थी।
पीड़ित के मुताबिक, काम शुरू करने के कुछ घंटे बाद लगातार काम कराया जाने लगा। पुराने कुक को भी गालियां दी जा रही थीं। यह देखकर उसने काम छोड़ने की बात कही। इस पर उससे कहा गया, "काम नहीं करेगा तो यहां आया क्यों? क्या मेरा मर्डर करने आया है?" इसके बाद उसका मोबाइल छीन लिया गया और जबरन काम कराया।
युवक का कहना है कि वह डरकर कमरे में बंद हो गया था। आरोप है कि इसके बाद शैलेष सिंह, उनके बेटे शशांक सिंह और ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित के शरीर और चेहरे पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। उसका कहना है कि मारपीट के बाद भी उसका मोबाइल वापस नहीं किया गया।
बयान के बाद FIR
रातीबड़ थाना पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद फरियादी और गवाह के बयान लिए गए। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर शैलेष सिंह, शशांक सिंह और एक कर्मचारी के खिलाफ BNS की धारा 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।

.webp)