भोपाल, 21 जून 2026: रेलवे सलाहकार समिति के कुछ सदस्य मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को कनेक्ट करने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस को इंदौर ले जाना चाहते हैं। इसके पीछे उनका अपना लॉजिक है लेकिन भोपाल के लोगों को समझना होगा, यदि ऐसा हुआ तो उनको फायदा होगा या नुकसान। इस समाचार में हम दोनों पक्ष बिना किसी पूर्वाग्रह के प्रस्तुत कर रहे हैं, ताकि रेल यात्री और रेल यात्रियों से जुड़े संगठन, मुद्दे पर अपने स्टैंड क्लियर कर सकें:-
भोपाल के यात्रियों को क्या फायदा होगा
लखनऊ-भोपाल गरीब रथ के इंदौर तक विस्तार से न केवल लखनऊ और इंदौर के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि भोपाल के यात्रियों के लिए भी महाकालेश्वर (उज्जैन) और ओंकारेश्वर जाने के लिए एक और विकल्प मिल जाएगा।
रेलवे सलाहकार समिति के कुछ सदस्यों ने भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस के इंदौर तक विस्तार की मांग की है। ऐसा होने से भोपाल के यात्रियों को इंदौर के लिए एक और रेलवे विकल्प मिल जाएगा।
संभावित नुकसान या चुनौतियां:
वर्तमान में जो ट्रेनें भोपाल से शुरू होती हैं (जैसे भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस, भोपाल लखनऊ गरीब रथ एक्सप्रेस), उनमें भोपाल के यात्रियों के लिए सीटें मिलना आसान होता है। यदि ये ट्रेनें इंदौर से शुरू होकर भोपाल आएंगी, तो भोपाल के यात्रियों को उपलब्ध सीटों के लिए इंदौर के यात्रियों के साथ प्रतिस्पर्धा करनी पड़ सकती है, जिससे कंफर्म टिकट मिलना कठिन हो सकता है।
भोपाल जो वर्तमान में इन ट्रेनों का टर्मिनेटिंग (समाप्ति) स्टेशन है, वह केवल एक 'हॉल्ट' या 'इंटरमीडिएट' स्टेशन बनकर रह जाएगा, जिससे स्थानीय कोटा और ट्रेन के प्रस्थान समय की प्राथमिकता पर असर पड़ सकता है।

.webp)