भोपाल, 3 जून 2026: हमीदिया रोड स्थित ऑटो हाउस गैस एजेंसी पर बुधवार को ग्राहकों ने हंगामा कर दिया। इन्हें पिछले 8 दिन से सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की गई थी। 3 बार बुकिंग कराने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। खाद्य विभाग से भी शिकायत की गई है।
ऑटो हाउस गैस एजेंसी पर करीब 12 हजार कनेक्शन हैं। पिछले 8 दिन से बुकिंग तो हो रही है, लेकिन सिलेंडर डिलीवरी नहीं हो रहे। इसके चलते उपभोक्ता सुबह से शाम तक सिलेंडर के लिए भटक रहे हैं। बुधवार को उनकी नाराजगी बढ़ गई।
थोक किराना कारोबारी विवेक साहू बुधवार को सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें यहां कर्मचारियों ने सिलेंडर देने इनकार कर दिया। विवेक जैसे ही कई और ग्राहक थे, जो सिलेंडर के लिए परेशान होते नजर आए।
ग्राहक साहू ने बताया कि उन्होंने मार्च में बुकिंग की थी, जिसकी आज तक डिलीवरी नहीं की गई। पहली बुकिंग में पता चला कि सिलेंडर किसी और को दे दिया गया।
जानकारी लेने के बाद दोबारा बुकिंग की, लेकिन सात दिन में सिलेंडर नहीं पहुंचा। यह बुकिंग भी कैंसिल हो गई। 30 मई को चौथी बार बुकिंग की, जिसकी डिलीवरी बुधवार तक नहीं हुई। इससे नाराजगी जताई है।
8 दिन से बुकिंग पेंडिंग
फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि ऑटो हाउस गैस एजेंसी के बारे में शिकायत मिली है। यहां पर 8 दिन से सिलेंडर की बुकिंग पेंडिंग बताई जा रही है। 1200 से 2 हजार ग्राहकों को सिलेंडर नहीं मिले हैं। आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।

.webp)