आलीराजपुर में टीएल बैठक में जनकल्याण शिविरों और सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा
आलीराजपुर, 15 जून। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में जनपद पंचायत कट्ठीवाड़ा के सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में जनकल्याण शिविरों के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की 50 एवं 100 दिनों से लंबित शिकायतों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों के शीघ्र और संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बीएमओ कट्ठीवाड़ा को आयुष्मान कार्ड एवं प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के विशेष शिविर आयोजित करने तथा ई-केवाईसी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
15 करोड़ रुपये के सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, ग्रामीण क्षेत्रों को मिली बड़ी सौगात
आलीराजपुर, 15 जून। प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागरसिंह चौहान ने सोमवार को ग्राम अंधारकांच एवं कड़वाणिया में लगभग 15.88 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो सड़कों का भूमिपूजन किया। अंधारकांच में 5.10 किमी सड़क का निर्माण 7.22 करोड़ रुपये तथा कड़वाणिया में 6.50 किमी सड़क का निर्माण 8.66 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
दोनों सड़कें संबंधित ग्रामों को सीधे गुजरात सीमा से जोड़ेंगी, जिससे आवागमन, कृषि उपज के परिवहन तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
इस अवसर पर मंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और बेहतर सड़क संपर्क विकास की आधारशिला है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जेलों में साप्ताहिक योग अभियान शुरू
आलीराजपुर, 15 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशन में 15 से 21 जून तक प्रदेश की जेलों में साप्ताहिक योग अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ केन्द्रीय जेल जबलपुर से वर्चुअल माध्यम से किया गया।
जिला जेल आलीराजपुर एवं उपजेल जोबट में भी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार मण्डलोई के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित कर बंदियों को योगाभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन एवं उनके शारीरिक-मानसिक लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री जय पाटीदार, जेएमएफसी श्री अनुराग सिंह सुमन, जेल अधीक्षक श्री एस.बी. शरण, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलीप सिंह मुजाल्दा, अधिवक्ता श्री राहुल सवनेर सहित जेल अधिकारी, कर्मचारी एवं बंदी उपस्थित रहे। अभियान 21 जून तक जारी रहेगा।
कट्ठीवाड़ा में जनकल्याण शिविर, 334 आवेदन प्राप्त
कट्ठीवाड़ा, 15 जून। पर्यावरण दिवस से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चल रहे विशेष पखवाड़े के तहत जनपद पंचायत कट्ठीवाड़ा में आयोजित जनकल्याण शिविर में पहले दिन बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने भाग लिया। दोपहर 3 बजे तक विभिन्न विभागों से संबंधित लगभग 334 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण एवं हितलाभ वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई।
शिविर का निरीक्षण कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम ने किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर पात्र हितग्राहियों के आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए तथा स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने कहा कि 12 से 18 जून तक आयोजित जनकल्याण शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक उनके गांव में ही पहुंचाना है, ताकि उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ वितरित किया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत प्रिया किराड़ एवं वंशिका बारिया को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, वहीं आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों को भी हितलाभ वितरित किए गए।
जनपद पंचायत सीईओ गोपाल प्रजापति के अनुसार शिविर में जन्म प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, संबल पंजीयन, लाड़ली लक्ष्मी योजना, लर्निंग लाइसेंस, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व, विद्युत, मातृ वंदना योजना एवं अन्य विभागों से संबंधित कुल 334 आवेदन प्राप्त हुए। आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही।




