भोपाल, 02 मई 2026: आवारा कुत्तों द्वारा इंसानों पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही है और बात केवल डॉग बाइट तक की सीमित नहीं है। आवारा कुत्तों का ऐसा हमला, जानलेवा साबित हो रहा है। एक 24 साल का जवान युवक कुत्ते के काटने के बाद पागल हो गया। वह AIIMS BHOPAL की खिड़की से कूद गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
Vidisha Youth Dies in AIIMS Bhopal Incident After Dog Bite Complications
बागसेवनिया पुलिस के अनुसार कमल सिंह पिता बलराम सिंह (24) विदिशा जिले के इकोदिया गांव थाना नटेरन का रहने वाला था। गत 5 मार्च को गांव में ही उसे मोहल्ले के आवारा कुत्ते ने काट लिया था। दाहिने हाथ में काटने पर थोड़ा सा खून निकला था। लोगों ने कहा कि इतने से कुछ नहीं होता, डॉक्टर ने भी लोगों की बातों का समर्थन कर दिया और युवक को शुरूआती तौर पर कोई तकलीफ भी नहीं हो रही थी इसलिए रेबीज का इंजेक्शन नहीं लगवाया।
अजीब हरकतें करता, भोंकता और लार गिराता
कुछ दिन बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसने स्थानीय अस्पताल में दिखाया तो वहां पर बताया गया कि एंटी रेबीज का इंजेक्शन नहीं लगने के कारण संक्रमण फैल गया। उसे रेबीज हो गया। रेबीज होने के कारण वह अजीब हरकतें करता, भोंकता और लार गिरा रहा था। जब उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई तो परिजनों ने उसे 30 अप्रैल को इलाज कराने के एम्स में भर्ती करा दिया।
पहली मंजिल से छलांग लगाई
उसे मेडिकल वार्ड के आईसोलेशन वार्ड में रखा गया था। गुरुवार रात वह वार्ड के स्टॉफ की नजर बचाते हुए खिड़की के पास पहुंचा और पहली मंजिल पर बने इस वार्ड से उसने छलांग लगा दी। जमीन पर गिरने के कारण उसके दोनों हाथ-पैर टूट गए। एम्स में ही इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

.webp)