भोपाल, 30 मई 2026: छतरपुर मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आज पावरफुल पॉलिटिक्स को टारगेट पर ले लिया। 21 दिन पहले जब वह साधना में गए थे, तब सब कुछ सामान्य था लेकिन 21 दिन में बहुत कुछ बदल गया है। सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी बन गई, प्रधानमंत्री ने पेट्रोल डीजल बचाने की अपील कर दी, NEET का पेपर लीक हो गया। श्री धीरेंद्र कृष्ण उपरोक्त सभी विषयों पर जनता की आवाज बन गए।
सब कुछ आम जनता ही करेगी क्या?
बद्रीनाथ धाम में कथा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा- हमको एक बात से बहुत तकलीफ है। आम जनता से तो कहा गया कि डीजल-पेट्रोल कम जलाएं। काश, नेताओं के चार्टर्ड विमानों पर भी रोक लगाई जाती। सबसे ज्यादा ईंधन तो वहीं फूंका जाता है। चील गाड़ी में। उन्होंने आगे कहा- एक काम और होना चाहिए। तीन महीने के लिए नेताओं की सैलरी कट करनी चाहिए। भारत का रुपया कमजोर हो रहा है, उसे मजबूत करो। सब कुछ आम जनता ही करेगी क्या?
धीरेंद्र शास्त्री ने सोशल मीडिया पर छाई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर कहा- भारत भी गजब है, जिन कॉकरोचों से लोग डरते हैं, उनकी पार्टियां बन गईं। लेकिन इससे यह सिद्ध होता है कि बेरोजगारी बढ़ रही है। भारत के युवाओं की चिंता होनी चाहिए।
डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए की गिरती कीमत पर उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा- खूब कमाओ, डॉलर ज्यादा कमाओ। हमारा सपना है कि भारत का रुपया इतना मजबूत हो जाए कि अमेरिका वाले ट्रंप चच्चा 30 डॉलर दें और हम सिर्फ 1 रुपया दें।
NEET पेपर लीक के मामले में श्री धीरेंद्र कृष्ण ने कहा कि, पेपर तो लीक हो जाता है लेकिन चुनाव कभी लीक नहीं होता। काश कभी ऐसा हो, नेताओं की वोटिंग लीक हो जाए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक हुआ है तो यह सिस्टम की गलती है। सिस्टम को इसका दंड दिया जाना चाहिए। विद्यार्थियों की फीस माफ करनी चाहिए।

.webp)