भोपाल, 2 अप्रैल 2026: मध्य प्रदेश सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने सहायक शिक्षकों, शिक्षकों और नवीन शैक्षणिक संवर्ग के शिक्षकों को उनकी निरंतर सेवा के आधार पर चौथी क्रमोन्नति वेतनमान (4th Krammonnati Pay Scale) देने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
Madhya Pradesh Teachers Get 4th Kramonnati Orders, Know Your New Pay Scale
35 वर्ष की सेवा पर मिलेगा लाभ आदेश के अनुसार, यह लाभ उन शिक्षकों को मिलेगा जिन्होंने अपनी सेवा के 35 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले शिक्षकों को 12 वर्ष, 24 वर्ष और 30 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ दिया जा रहा था।
किसे कितना मिलेगा वेतनमान?
जारी आदेश में विभिन्न पदों के लिए चतुर्थ क्रमोन्नति वेतनमान की स्थिति स्पष्ट की गई है:
सहायक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक (खेल, संगीत, विज्ञान, आई.टी.): इन्हें 15600-39100 + 5400 ग्रेड-पे दिया जाएगा। सातवें वेतनमान के अनुसार यह लेवल एल-12 (56100-177500) के दायरे में आएगा।
शिक्षक (यू.डी.टी.) एवं माध्यमिक शिक्षक (खेल, संगीत): इन्हें 15600-39100 + 7600 ग्रेड-पे का लाभ मिलेगा। सातवें वेतनमान में यह लेवल एल-14 (79900-211700) निर्धारित किया गया है।
यह नया चतुर्थ क्रमोन्नति वेतनमान 01 जुलाई 2023 से प्रभावी (Effective) माना जाएगा। इस आदेश को वित्त विभाग की सहमति के बाद सामान्य प्रशासन विभाग की अवर सचिव सुमन रायकवार द्वारा जारी किया गया है।
नियम और शर्तें
सरकार ने स्पष्ट किया है कि क्रमोन्नति के लिए सामान्य प्रशासन विभाग के 19 अप्रैल 1999 के परिपत्र में निहित सभी शर्तें और दिशा-निर्देश यथावत लागू रहेंगे। इस फैसले से प्रदेश के उन हजारों वरिष्ठ शिक्षकों को बड़ा आर्थिक लाभ होगा जो लंबे समय से अपनी सेवाओं के बदले इस पदोन्नति/वेतन वृद्धि का इंतजार कर रहे थे।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश स्कूल शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों और सभी जिला कोषालय अधिकारियों को भेज दिए गए हैं।

.webp)