भोपाल, 4 अप्रैल 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रसोई गैस सिलेंडर की डिलीवरी का घोटाला चल रहा है। ग्राहकों द्वारा बुकिंग कराई गई, उनको रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग की कन्फर्मेशन मिली। एसएमएस के माध्यम से यह सूचना भी मिली कि उनका उनका सिलेंडर डिलीवरी के लिए भेजा जा रहा है परंतु सिलेंडर नहीं मिला। जब एजेंसी पर जाकर पूछा तो पता चला की डिलीवरी हो चुकी है।
इंडेन कंपनी का पोर्टल बंद, नए कनेक्शन नहीं मिलेंगे
प्रियंका गैस एजेंसी, लाल घाटी पर जबरदस्त हंगामा हुआ है। बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचे। कई ग्राहक ऐसे थे, जिन्होंने 4-5 दिन पहले बुकिंग कराई थी। ग्राहकों का आरोप है कि जब वे सिलेंडर लेने पहुंचे तो एजेंसी ने बताया कि उनका सिलेंडर पहले ही डिलीवर किया जा चुका है, जबकि हकीकत में सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचा। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि मामले में टीम मौके पर भेजकर जांच कर रही है।
दूसरी तरफ खबर आ रही है कि, मध्य प्रदेश में नए LPG कनेक्शन के लिए पोर्टल बंद है। ग्राहकों को 14Kg सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। भोपाल और इंदौर में परेशानी बढ़ गई है। राहत के लिए खाद्य विभाग अब 5Kg के नए कनेक्शन देगा। अब ऑयल कंपनियां कस्टमर को SMS भेजेंगी, जिसमें बुकिंग कन्फर्म और डिलीवरी की तारीख होगी। SMS में लिखा रहेगा कि वे गैस एजेंसी पर न जाएं। सिलेंडर उनके घर पहुंचा दिया जाएगा। इससे पैनिक स्थिति नहीं रहेगी।
पोर्टल बंद होने से कई शहरों में दिक्कत
गैस को लेकर ऑयल कंपनी और अफसरों के साथ शनिवार को एसीएस (फूड एंड सिविल सप्लाय) रश्मि शमी ने मीटिंग की। पोर्टल बंद होने से कई शहरों के कस्टमर परेशान हैं। इंदौर में लोगों की परेशानी बढ़ी है। भोपाल में गैस किल्लत के बीच लोग नए कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने से e-KYC और नए कनेक्शन की सभी प्रक्रियाएं सस्पेंड हैं।
मीटिंग में कहा गया कि 14Kg वाला कनेक्शन नहीं दे रहे तो 5Kg का ही कंपनी दे। जब पोर्टल शुरू होगा, तब इसे 14Kg में कन्वर्ट कर देंगे। आदेश जल्द जारी हो सकते हैं।
इंडेन कंपनी में सबसे ज्यादा दिक्कत
प्रदेश में इंडेन कंपनी के सिलेंडर को लेकर सबसे ज्यादा दिक्कत है। इसके नए कनेक्शन नहीं मिल रहे। इंडेन कंपनी से कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को चक्कर काटना पड़ रहा है। भारत पेट्रोलियम और एचपी में थोड़ी राहत है।
ऑयल कंपनियों के नए नियम से परेशान एजेंसी संचालक
अफसरों ने बताया कि ऑयल कंपनियां बिना जानकारी के नए नियम लागू कर देती हैं। वर्तमान में इंडेन में डीएसी नंबर जनरेट नहीं हो रहा। इससे सिलेंडर की गाड़ियां डिपो से नहीं निकल पाती। मार्च क्लोजिंग के नाम पर हिसाब-किताब मांगा जा रहा है। भोपाल की चंद्रकांता गैस एजेंसी से पिछले साल का 1100 सिलेंडर का हिसाब मांगा गया। इससे लोड नहीं आ पाया और ग्राहकों की भीड़ लग गई। अपर मुख्य सचिव रश्मि शमी ने डीएसी व्यवस्था और सर्वर ठीक करने की बात कही।

.webp)