भोपाल, 24 अप्रैल 2026: यदि आपके आसपास कोई बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम हो रहा है तो कृपया सावधान रहिए। आसपास के जिलों के क्रिमिनल भोपाल में मजदूरी करने आने लगे हैं। निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक मजदूर, पड़ोसी के घर में घुसा, अकेली बूढी मां को घायल किया, और गोल्ड इत्यादि लूट कर ले गया। वह इतना बेखौफ था कि, उसको मालूम था कि पड़ोसी का घर एक पुलिस कर्मी का है, फिर भी लूट की।
Bhopal Crime: Construction Worker Robs Neighbour’s House, Woman Injured
हमले की शिकार शैल कुमारी मिश्रा (उम्र 68 वर्ष) ने बताया कि, नटखट चौक स्थित राजीव नगर में डिस्कवरी स्कूल का कंस्ट्रक्शन चल रहा है। उनके बेटे का नाम काशीनाथ उर्फ अमन मिश्रा है। अमन की ड्यूटी पश्चिम बंगाल चुनाव में लगी थी इसलिए वह घर से बाहर था। सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच एक मजदूर मेरे घर आया। उसने कहा कि वह छत से गिट्टी लेने आया है। जब मैंने पूछा कि किसने भेजा है, तो उसने पड़ोसी किशोर यादव का नाम लिया। वह छत पर गया और फिर नीचे आकर मुझसे पानी मांगा। जैसे ही मैं किचन की ओर गई, उसने पूरे घर के दरवाजे बंद कर दिए। मेरा मुंह दबाकर मुझे कमरे में ले गया और सीमेंट ब्लॉक से मारने लगा। जब तक मैं बेहोश नहीं हुई, वह लगातार यही चिल्लाता रहा कि वह मुझे जान से मार देगा। घायल मां नर्मदा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं।
15 अप्रैल को भी लड़ाई हुई थी
पुलिस के मुताबिक लुटेरे का नाम मंगल परिहर है। वह 15 दिन से पड़ोसी किशोर के यहां काम कर रहा था। किशोर ने बताया कि 15 अप्रैल को मंगल की पत्नी से लड़ाई हुई थी। उसे पुलिस के हवाले कर काम से हटा दिया गया था, लेकिन दो दिन बाद फिर लौट आया। टीआई मनोज पटवा के अनुसार आरोपी फोन नहीं रखता, जिससे लोकेशन नहीं मिल रही। एसीपी जोन-4 अक्षय चौधरी ने बताया कि पहचान हो चुकी है और तलाश जारी है। सोमवार को वह सीसीटीवी में काम करते दिखा।
पुलिस इन्वेस्टिगेशन में पता चला कि, पुलिसकर्मी के घर में वृद्ध मां पर जानलेवा हमला कर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला आरोपित कोई सामान्य मजदूर नहीं बल्कि एक शातिर और सक्रिय बदमाश है, जो कोहेफिजा क्षेत्र में आधा दर्जन वारदातें कर चुका था। घटना से ठीक चार दिन पहले उसने प्रेमिका से भी मारपीट की थी। इस घटना की शिकायत छोला थाना पुलिस तक पहुंची थी, लेकिन आरोप है कि उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
आरोपी व्यक्ति का नाम मांगीलाल अहिरवार उर्फ मंगल अहिरवार बताया गया है जो मूलत: राजगढ़ जिले के कुरावर का रहने वाला है। वह लालघाटी क्षेत्र स्थित सिंगार चोली ब्रिज के आसपास रहकर भोपाल में मजदूरी करता है। पहली पत्नी से उसका पूर्व में झगड़ा हो गया था, जिसके बाद वह छोड़कर चली गई थी। फिलहाल वह एक अन्य महिला मित्र के साथ रहता था। उससे भी मांगीलाल अक्सर मारपीट करता था। पुलिस को उसके विरुद्ध मारपीट समेत छह आपराधिक केस मिले हैं।
मांगीलाल उर्फ मंगल अहिरवार की गिरफ्तारी के लिए निशातपुरा पुलिस ने सघन तलाश अभियान शुरू कर दिया है। जोन-4 पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जबकि कुछ टीमों को दूसरे राज्यों में भी रवाना किया गया है। आरोपित वारदात के बाद से फरार है और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

.webp)