रीवा की शिखा मिश्रा पांडेय मामले की सीबीआई जांच चाहता है अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज

Updesh Awasthee
भोपाल, 30 मार्च 2026
: रीवा जिले में सामने आए चर्चित शिखा मिश्रा पांडेय प्रकरण ने प्रदेश की सियासत और समाज दोनों में हलचल पैदा कर दी है। यह मामला एक संदिग्ध मौत (आत्महत्या) से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Rewa’s Shikha Mishra Pandey Case: All India Brahmin Samaj Demands CBI Probe

मिली जानकारी के अनुसार, शिखा मिश्रा पांडेय एक विवाहित महिला थीं, जिनकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस घटना को सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए आरोप लगाया है कि महिला को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है, जहां कई तरह के दावे और कथित साक्ष्य सामने आने की बात कही जा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि इस प्रकरण में किसी प्रभावशाली व्यक्ति या उससे जुड़े लोगों की भूमिका हो सकती है, जिसके कारण मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।

घटना के बाद सामने आए कथित ऑडियो और अन्य तथ्यों ने इस मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। इन्हीं कारणों से अब इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे हैं और उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है।

इसी बीच अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष पंडित पुष्पेंद्र मिश्र ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से यह मामला लगातार नया मोड़ ले रहा है और प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, ऐसे में निष्पक्ष जांच केवल केंद्रीय एजेंसी से ही संभव है।

पंडित पुष्पेंद्र मिश्र ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर भोपाल में जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री से औपचारिक रूप से मांग की जाएगी कि पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई को सौंपी जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

उन्होंने यह भी कहा कि सीबीआई जांच से न केवल निष्पक्षता सुनिश्चित होगी, बल्कि किसी निर्दोष व्यक्ति को फंसने से भी बचाया जा सकेगा। साथ ही पीड़ित पक्ष को न्याय मिलने की उम्मीद भी मजबूत होगी।

फिलहाल यह मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार इस पर क्या निर्णय लेती है।

शिखा के सुसाइड से पहले सास-दामाद की बातचीत

विकास : हैलो… हां, मम्मी, बोलिए…
सास : करवा चौथ है , 10 तारीख को रीवा आ जाइए, बेटी को व्रत करवाइए...
विकास (रोते हुए) : मेरे साथ इतना बड़ा धोखा हुआ... जहर का घूंट पीकर खुद को जिंदा रखा... मैं खुद को मरते-मरते रोकता रहा।
सास : नहीं-नहीं, रोइए मत… मुझे बहुत कष्ट होता है… मैं भी बहुत परेशान हूं… अभी डॉक्टर को दिखाकर आई हूं।
विकास : मेरे साथ इतना सब होने के बाद भी मैंने सब झेल लिया… वो कॉलेज बोलकर जाती थी, वहां जाकर पुष्पेंद्र गौतम से मिलती थी… इसके बाद भी मैंने माफ किया… मैं किसी से कुछ नहीं बोलता तो क्या मुझे कोई दिक्कत नहीं… 

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के पूर्व निज सहायक पुष्पेंद्र गौतम और शिखा के पति विकास - पहली रिकॉर्डिंग

पुष्पेंद्र: नमस्कार भैया, आपने सारे नंबर बिजी क्यों कर रखे हैं? मैंने आपको नए नंबर से कॉल किया, कहां हैं आप?
विकास: क्या हो गया, बताइए।
पुष्पेंद्र: क्या हुआ, कुछ थोड़ी होता है।
विकास: मैं समझ नहीं पा रहा हूं।
पुष्पेंद्र: अरे, आप मुझे नहीं समझ पाओगे, यही तो समस्या है ना।
विकास: आप मुझे क्यों समझाना चाहते हैं?
पुष्पेंद्र: इसलिए समझाना चाहते हैं, ताकि आप बात को समझें।
विकास: हमारा-आपका क्या संबंध है कि मैं आपको समझूं?
पुष्पेंद्र: अच्छा…
विकास: मुझे यह समझ नहीं आता कि आप मुझे और शिखा को बार-बार फोन कर क्यों परेशान कर रहे हैं। सात-सात बार लगातार कॉल करते हैं। आप आखिर चाहते क्या हैं? मुझे एक बार में बता दीजिए। आप शिखा को टॉर्चर क्यों कर रहे हैं?
पुष्पेंद्र: फालतू बात मत करो।
विकास: आप लगातार शिखा को टॉर्चर कर रहे हैं।
पुष्पेंद्र: मुझे ब्लैकलिस्ट में डालकर बेवकूफ समझते हो? ब्लैकलिस्ट में डालोगे?
विकास: क्या आपके बीवी-बच्चे नहीं हैं?
पुष्पेंद्र: मेरे सब हैं।
विकास: फिर आपको शिखा की क्या जरूरत है?
पुष्पेंद्र: चलो, रुक जाओ… अभी आपको बताता हूं, रुको।
विकास: ठीक है, आ जाओ… अब मैं भी बताऊंगा, हद हो गई अब। 

पुष्पेंद्र और शिखा के पति विकास - दूसरी रिकॉर्डिंग 

पुष्पेंद्र: हां विकास जी, कहां हैं?
विकास: बताइए।
पुष्पेंद्र: अरे, मिलना है। आपको सुनील गौतम ने मिलने के लिए बोला था न?
विकास: नहीं, मुझसे किसी ने नहीं कहा था।
पुष्पेंद्र: लो, सुनील से बात करो।
सुनील: आपसे मिलने के लिए बोला था, आप ही बोले थे कि मिलने आएंगे।
विकास: मैंने कब आपसे मिलने के लिए बोला? आपका ही फोन मेरे पास आया था। फिर आपने कहा कि आप किसी कंडक्टर को फोन लगा रहे थे और गलती से मुझे लग गया। आपने यही बात कही थी, लेकिन आपको मुझसे क्यों मिलना था?
सुनील: एक भाई से दूसरा भाई क्यों मिलता है? आपसे कुछ काम था, मिलकर बात करनी है।
विकास: नहीं, आप फोन पर ही बता दीजिए।
सुनील: नहीं, यह बात फोन पर नहीं हो पाएगी। आपसे मिलकर ही बात करनी पड़ेगी।
विकास: लेकिन मैं आपसे नहीं मिलना चाहता और न ही कोई बात करना चाहता।
सुनील: क्यों?
विकास: आपको जो भी बात करनी है, आप मेरे ससुर जी से कर लीजिए। मैं बात नहीं करूंगा।
सुनील: मैंने तो आपको फोन लगा लिया, वरना आप कोई ब्रांड नहीं हैं।
विकास: तो फिर मेरे पीछे क्यों पड़े हैं? बार-बार फोन क्यों कर रहे हैं? (ताव में) 

पुष्पेंद्र और शिखा के पति विकास - तीसरी रिकॉर्डिंग 

विकासः आप लोग मुझे क्यों परेशान कर रहे हैं?
पुष्पेंद्र: अरे, हम आपको क्यों परेशान करेंगे? आप तो सिस्टम हो न, जाकर थाने में एफआईआर करा दो। 
विकास: नहीं, बस आप लोग मुझे परेशान मत करिए। आप लोगों का मैं कुछ नहीं बिगाड़ सकता, आप लोग बहुत बड़े लोग हैं।
पुष्पेंद्र: नहीं, मैं कल आता हूं न।
विकास: नहीं तो क्या करोगे? क्या मुझे जान से मार दोगे?
पुष्पेंद्र: नहीं, मैं कल आता हूं।
चौथा ऑडियो- जाओ थाने में FIR करा दो

पुष्पेंद्र और शिखा के पति विकास - चौथी रिकॉर्डिंग

पुष्पेंद्र: फोन क्यों काट रहे हो? रिकॉर्ड कर रहे हो न? जाओ, थाने में एफआईआर करा दो।
विकास: मैं बात नहीं करना चाहता।
पुष्पेंद्र: आपने नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया, बाजा बजा दिया। जिसका नंबर है, उससे पूछे हो क्या?
विकास: नहीं, आप उससे बात करने की कोशिश मत करो।
पुष्पेंद्र: बात तो कराओ, अगर किसी को परेशान किया तो…
विकास: नहीं कराऊंगा।
पुष्पेंद्र: हां, तो मत कराओ।
पुष्पेंद्र (चिल्लाते हुए): हां, तो अब उसको बचा लो… बचा लो… बचा लो।
विकास: नहीं तो आप उसे मार दोगे?
पुष्पेंद्र: अरे, मैं क्यों मारूंगा किसी को? 

पुष्पेंद्र और शिखा के पति विकास - पांचवी रिकॉर्डिंग 

पुष्पेंद्र: हैलो, विकास जी... आपसे मिलना चाहता था।
विकास: नहीं, आपने जिस तरह से बेइज्जत किया है, उसके बाद अब कहने के लिए कुछ नहीं बचा।
पुष्पेंद्र: नहीं, अगर मेरी बात का आपको बुरा लगा हो तो उसके लिए सॉरी… लेकिन आप मुझसे एक बार मिलिए जरूर।
विकास: नहीं, मैं बस यही चाहता हूं कि आप हमें परेशान करना बंद कर दें।
विकास: आप शिखा से बातचीत और निजी मामलों में हस्तक्षेप करना भी बंद कर दीजिए।
पुष्पेंद्र: अच्छा, ठीक है… फिर भी हर बात फोन पर नहीं हो सकती, इसलिए मैं चाहता था कि आपसे मुलाकात हो जाए।
विकास: नहीं, बस आप हमें परेशान करना बंद कर दीजिए, वही काफी होगा। 

शिखा मिश्रा के सुसाइड के बाद उसके पति विकास पांडे को जेल भेज दिया

मामला रीवा के सामान थाना क्षेत्र का है। 25 जनवरी की रात शहर के संजय नगर में शिखा मिश्रा का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, जिससे शुरुआत से ही घटना पर सवाल उठते रहे। बताया गया कि घटना के समय पति विकास पांडेय सतना में थे। शिखा मूल रूप से बमुरिहा की रहने वाली थीं, जबकि विकास प्रयाग के बड़ोखर के हैं। शादी को करीब एक साल ही हुआ था। दोनों रीवा के संजय नगर में रह रहे थे। घटना के एक महीने बाद शिखा के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति विकास पांडेय और उनके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि सास अभी फरार बताई जा रही हैं।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!