नागदा उज्जैन में पुलिस और भाजपा नेताओं के बीच झड़प

Updesh Awasthee
उज्जैन, 4 मार्च 2026
: उज्जैन जिले के नागदा में होली पर्व के मद्देनजर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की सख्ती के बीच एक बार फिर सत्ताधारी दल से जुड़े पदाधिकारियों का रवैया सुर्खियों में आ गया है। मंगलवार दोपहर को ब्रेथ एनालाइजर जांच के दौरान आरएसएस के जिला सह-कार्यवाह राय सिंह चौधरी और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शंकर लाल प्रजापत ने पुलिस टीम से जमकर बहस की, जिस दौरान एक पदाधिकारी ने सब-इंस्पेक्टर पर गाड़ी की चाबी फेंक दी और चुनौती भरे लहजे में कहा, "अब गाड़ी तुम मेरे घर देने आओगे।" 

पहले SI योगिता उपाध्याय फिर SI वीरेंद्र सिंह से भिड़ गए

पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के अनुसार, उप-निरीक्षक योगिता उपाध्याय के नेतृत्व वाली पुलिस टीम नागदा में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान आरएसएस-बीजेपी के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पुलिसकर्मियों से उलझ पड़े। सब-इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह चौहान ने वाहन रोककर ब्रेथ एनालाइजर जांच की बात कही, तो विवाद और भड़क गया। 

तुम्हें औकात दिखानी पड़ेगी

आरोप है कि राय सिंह चौधरी ने चाबी फेंककर पुलिस को ललकारा। भाजपा नेता शंकर लाल प्रजापत ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी से कहा, "तुम पब्लिक सर्वेंट हो, तुम्हें तनख्वाह हमारी सरकार देती है... तुम्हें औकात दिखानी पड़ेगी।" कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को संभाला। 

हमने परिचय दे दिया था फिर भी जांच पड़ताल करने लगे

दूसरी ओर, आरएसएस-बीजेपी पदाधिकारियों का दावा है कि पुलिस ने उनके परिचय के बावजूद अभद्र व्यवहार किया, जिससे मामला बढ़ा। थाना प्रभारी अमृत लाल गवरी ने बताया कि फिलहाल पदाधिकारियों पर कोई FIR या सीधी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्हें समझाइश देकर जाने दिया गया। हालांकि, चेकिंग के दौरान जब्त वाहनों को वैध दस्तावेजों की जांच के बाद ही छोड़ा जाएगा। हंगामा खत्म होने के बाद पदाधिकारी काली स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके से रवाना हो गए। 

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब होली के मद्देनजर पूरे प्रदेश में पुलिस सख्ती बरत रही है। सवाल उठ रहा है कि क्या सत्ताधारी दल से जुड़े लोग कानून से ऊपर समझते हैं? वीडियो के वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!