Another Blot on Indore Ahead of Holi, Two Employees Die in Sewer Tank Accident
इंदौर, 2 मार्च 2026 : इंदौर नगर निगम के सितारे गड़बड़ चल रहे हैं। पहले लगातार स्वच्छता का सम्मान मिल रहा था और अब लगातार इंदौर के माथे पर कलंक लगता जा रहे हैं। होली के पहले सीवर टैंक की सफाई करने उतरे नगर निगम के दो कर्मचारियों की जहरीली गैस से मौत हो गई। यह स्थिति तब बनती है जब प्रशासन द्वारा कर्मचारी की जीवन रक्षा के प्रबंध नहीं किए जाते।
कर्मचारियों को लावारिस छोड़ दिया, कोई सुपरवाइजर नहीं था
जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों की ड्यूटी शाम 5 बजे तक थी, लेकिन इसके बाद भी उन्हें काम करने के लिए बोला गया था। उस समय मौके पर तीन कर्मचारी (करण यादव,अजय डोडिया और अकबर) मौजूद थे। कोई सुपरवाइजर अथवा सीनियर नहीं था। शाम करीब 6:30 बजे नगर निगम के कर्मचारी जोन-13 क्षेत्र में सीवर सफाई कर रहे थे। चैंबर को मशीन के जरिए खाली किया जा रहा था। सक्शन टैंकर से नियमित सफाई चल रही थी। इसी दौरान सफाई में उपयोग हो रहा एक इक्विपमेंट/पाइप का हिस्सा चैंबर के भीतर गिर गया। पाइप का हिस्सा निकालने के लिए एक कर्मचारी करण यादव नीचे उतरा। कुछ देर बाद उसकी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दूसरा कर्मचारी अजय डोडिया भी चैंबर में उतर गया।
जिंदा बचे कर्मचारी अकबर ने बताया कि जब दोनों काफी देर तक बाहर नहीं आए, लेकिन अंदर से एक आवाज सुनाई दी। झांककर देखा तो दोनों कर्मचारी बेहोश अवस्था में पड़े थे। इसके बाद वह स्वयं भी नीचे उतरा गया था।
मौके पर मौजूद कुली ने मानवता का धर्म निभाया
इस दौरान मौके पर अमन भी मौजूद थे, जो कुली का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस की मदद से करण और अजय को बाहर निकाला। उनकी जान बचाने के लिए CPR भी दिया। सीने में पानी भर गया था। सीने पर धक्का देकर पानी बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस की मदद से करण और अजय को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।

.webp)