कटनी, 26 फरवरी 2026 : भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को जारी रखते हुए जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को कटनी जिला पंचायत कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए पदस्थ लेखापाल सतेंद्र सोनी को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से जिला पंचायत कार्यालय में हड़कंप मच गया।
Katni Panchayat Accountant Caught Taking Bribe
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ग्राम पंचायत सचिव को पूर्व में सेवा से निलंबित या पृथक कर दिया गया था। सचिव की बहाली की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और आवश्यक कागजी कार्रवाई करने के एवज में लेखापाल सतेंद्र सोनी द्वारा 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। परेशान सचिव ने इसकी शिकायत जबलपुर स्थित लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज कराई थी।
योजनाबद्ध तरीके से की गई कार्रवाई
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त की 5 सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार, सचिव जिला पंचायत कार्यालय पहुंचा और केमिकल लगे हुए 5,000 रुपये लेखापाल को सौंपे। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, पहले से मुस्तैद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान जब आरोपी के हाथ धुलवाए गए तो वे गुलाबी हो गए, जो केमिकल लगे नोटों को छूने का प्रमाण है। यह भ्रष्टाचार के मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जाता है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त टीम ने आरोपी लेखापाल सतेंद्र सोनी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई से जिला पंचायत कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा और कर्मचारी सकते में दिखाई दिए। रिपोर्ट : शिवनारायण मिश्रा।

.webp)