भोपाल समाचार, 1 फरवरी 2026: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक एक्सीडेंट हुआ। शनिवार की रात एक हाई स्पीड कार रेलिंग को तोड़ते हुए 50 फीट गहरे नाले में जा गिरी। लेकिन यह समाचार एक्सीडेंट के बारे में नहीं बल्कि एक्सीडेंट के बाद भोपाल पुलिस के रवैया के बारे में है। घटनास्थल दो थानों के बीच में आता है लेकिन किसी भी थाने की पुलिस को कोई परवाह नहीं है।
घटना का विवरण
भोपाल में एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे की रेलिंग को तोड़ते हुए बाणगंगा के नाले में जा गिरी। घटना शनिवार देर रात गर्वनर हाउस से पॉलीटेक्निक की तरफ जाने वाली सड़क पर रवींद्र भवन के पास हुई है। कार रविवार को भी नाले में ही पड़ी रही। मामले में सीमा विवाद के चलते अरेरा हिल्स और श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। घटना में सड़क किनारे लगी करीब 50 फीट रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि हादसे के समय कार में चार युवक सवार थे।
हां, एक्सीडेंट हुआ है लेकिन किसी को चोट नहीं आई: TI संधू
श्यामला हिल्स थाने के प्रभारी भूपेंद्र कौर संधू ने बताया कि घटना की जानकारी है। कार में सवार युवकों को गंभीर चोट नहीं थी। हादसा देर रात हुआ था। क्रेन ने कार को उठाने का प्रयास किया लेकिन अधिक गहराई में होने के कारण कार को बाहर नहीं निकाला जा सका। हालांकि घटना स्थिल अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र का है।
यदि शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई करेंगे: TI शर्मा
अरेरा हिल्स थाने के टीआई सुनील शर्मा ने बताया कि मामूली एक्सीडेंट हुआ था। थाने में किसी ने शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई हैं। पहले उन्होंने घटना स्थिल अपने थाना क्षेत्र का होने से भी इनकार कर दिया था। तस्दीक के बाद घटना स्थिल उन्हीं के थाना क्षेत्र का होने की पुष्टि की।
राजभवन से पॉलिटेक्निक की तरफ जाने वाला मार्ग सामान्य नहीं है। यहां से हर रोज सैकड़ो हाई प्रोफाइल मोटर वाहन गुजरते हैं। इस बात पर ध्यान दिया जाना चाहिए कि ऐसा कैसे हो पाया, कोई हाई स्पीड कर रेलिंग तोड़ते हुए 50 फीट गहरे नाले में गिर गई। रेलिंग मजबूत क्यों नहीं थी। यदि रेलिंग पुरानी थी तो फिर कोई स्टॉपर क्यों नहीं था। यदि किसी ने शिकायत नहीं की तो क्या पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी। क्या पुलिस को अगले एक्सीडेंट का इंतजार है जिसमें किसी की मौत हो जाए? रिपोर्ट: शैलेंद्र पटेल।


