MP NEWS- कर्नाटक रिजल्ट के तत्काल बाद मध्य प्रदेश में कमलनाथ कोर ग्रुप की बैठक, देर रात तक चली

Madhya Pradesh Chunav politics news 

कर्नाटक चुनाव का रिजल्ट आने के तत्काल बाद मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी के सीएम कैंडिडेट कमलनाथ ने कोर ग्रुप की बैठक बुलाई। यह बैठक देर रात तक चली। मीटिंग में कोर ग्रुप ने अपनी रणनीति बनाई और निर्धारित किया कि किस प्रकार से मध्य प्रदेश में चुनाव लड़ा जाएगा। किस प्रकार से भाजपा को नुकसान पहुंचाया जा सकता है और किस प्रकार से चुनावी गतिविधियों में हाईकमान के दखल को खत्म किया जा सकता है। 

सुनील कानुगोलू- मध्य प्रदेश चुनाव में कांग्रेस की रणनीति बनाएंगे

कमलनाथ के घर पर आयोजित हुई कोर ग्रुप की बैठक में, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, वरिष्ठ नेता अशोक सिंह, संगठन महामंत्री राजीव सिंह और कांग्रेस नेताओं के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए बनाए गए प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर मौजूद थे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के सूत्रधार और कर्नाटक में कांग्रेस को 136 सीट दिलाने में अहम रणनीतिकार सुनील कानुगोलू से भी नाथ ने चर्चा की है। कानुगोलू की भूमिका अब मप्र चुनावों की रणनीति तैयार करने पर होगी।

हनुमान भक्ति का प्रचार जारी रहेगा

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस सॉफ्ट हिंदुत्व को लेकर चुनाव लड़ेगी। कर्नाटक के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस कमलनाथ की हनुमानभक्त छवि को लेकर बजरंगबली के जयकारे के साथ आगे बढ़ेगी। इसके साथ ही अलग-अलग समाजों से नाथ चर्चा करेंगे। अब तक वे लोधी समाज के सम्मेलन में पहुंच चुके हैं। आगामी दिनों में जाट सम्मेलन और यादव सम्मेलन में भाग लेंगे।

पहले चरण में 75 सीटों पर टिकट तय होंगे

अब तक हुई प्रारंभिक चर्चा में कांग्रेस ने तीन चरणों में टिकट बांटे जाने का प्लान बनाया है। पहले चरण में 75 सीटों पर टिकट तय हो जाएंगे। इनमें सिटिंग एमएलए के टिकट हैं। जुलाई-अगस्त में इन उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने के संकेत दे दिए जाएंगे। दूसरे चरण में उन 66 सीटों के टिकटों के बारे में फैसला लिया जाएगा, जहां कांग्रेस लगातार पांच बार से चुनाव हार रही है। तीसरे चरण में वे सीटें रहेंगी जहां टिकट को लेकर सहमति बनाई जाना है। हालाकि टिकटों को लेकर नाथ सर्वे करवा रहे हैं। इसमें प्रमुख शर्त जीतने वाला उम्मीदवार है। 

✔ इसी प्रकार की जानकारियों और समाचार के लिए कृपया यहां क्लिक करके हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें एवं यहां क्लिक करके हमारा टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें। यहां क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन कर सकते हैं। क्योंकि भोपाल समाचार के टेलीग्राम चैनल - व्हाट्सएप ग्रुप पर कुछ स्पेशल भी होता है।