BHOPAL में रेल रोकी, इंदौर में नारेबाजी, पढ़िए राहुल गांधी के समर्थन में MP में कहां क्या हुआ - NEWS

Madhya Pradesh political news - protest for Rahul Gandhi

भोपाल। राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त किए जाने के साथ ही मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। भोपाल में रेल रोकी गई। इंदौर में चौराहे पर आकर नारेबाजी की गई। पढ़िए इसके अलावा मध्य प्रदेश में कहां क्या हुआ। 

भोपाल में युवक कांग्रेस ने रेल रोकी

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राहुल गांधी के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन को रोककर राहुल गांधी के खिलाफ हुई संसद सदस्यता समाप्ति की कार्रवाई का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया कर रहे थे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन नहीं किया

समाचार लिखे जाने (18:28) तक मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की खबर नहीं थी। पूर्व मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा एवं श्री पीसी शर्मा द्वारा व्यक्तिगत स्तर पर बयान जारी किए गए। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने ऐसी विषम परिस्थिति में भी कैमरे के सामने आकर कोई बयान नहीं दिया। वह किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं थे। ट्विटर पर जरूर एक बयान जारी हुआ है।

इंदौर में चौराहे पर नारेबाजी की गई

इंदौर में कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता, युवक कांग्रेस के कुछ नेता और कुछ पार्षद गीता भवन चौराहे पर इकट्ठा हुए और नारेबाजी की। समाचार लिखे जाने तक इंदौर के किसी भी दिग्गज कांग्रेस नेता के द्वारा प्रदर्शन किए जाने की खबर नहीं है। 

भोपाल में एनएसयूआई ने मशाल जुलूस निकाला 



ग्वालियर में अर्थी निकाली

यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महारानी लक्ष्मीबाई की समाधि से फूलबाग चौराहा तक केन्द्र में सरकार की अर्थी निकाली। चौराहे पर आकर अर्थी अग्नि दी। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा का कहना है कि राहुल गांधी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सरकार डर गई है। यही कारण है कि उनको संसद में आने नहीं देना चाहती। सरकार के इशारे पर यह सब हो रहा है।

जबलपुर में पुतला फूंका 

जबलपुर में भी राहुल गांधी के समर्थन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस से पुतला जलाने के दौरान कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता जलता हुआ पुतला लेकर यहां-वहां भागते रहे। वहीं, पुलिस भी पानी लेकर पुतले के पीछे-पीछे भागती रही। आखिरकार कार्यकर्ताओं ने पुतला जला दिया। महापौर व जबलपुर नगर अध्यक्ष जगत बहादुर अन्नू ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र के खिलाफ काम कर रही है।

अशोकनगर में चक्का जाम 

अशोकनगर के राजमाता चौराहे पर कांग्रेसियों ने शुक्रवार शाम सड़क पर एक घंटे से अधिक समय तक चक्काजाम किया। इस दौरान भाजपा पर भी हमला बोला। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विशाल रघुवंशी ने बताया कि, यह देश के इतिहास में काला दिन है।
जैसे-जैसे 2 समाचार प्राप्त होते जाएंगे यहीं पर अपडेट किए जाते रहेंगे।

✔ इसी प्रकार की जानकारियों और समाचार के लिए कृपया यहां क्लिक करके हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें एवं यहां क्लिक करके हमारा टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करें। क्योंकि भोपाल समाचार के टेलीग्राम चैनल पर कुछ स्पेशल भी होता है। यहां क्लिक करके व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन कर सकते हैं।