BHOPAL: भाभी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, बचाने आई पड़ोसन को बैट से पीटा - MP NEWS

भोपाल।
 मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के छोला मंदिर इलाके में एक युवक ने मकान को लेकर हुए विवाद में अपनी भाभी पर कुल्हाड़ी और बेसबॉल के बैट से हमला कर उनकी हत्या कर दी। आरोपित मां, भतीजे व पड़ोस में रहने वाली महिला पर हमला कर फरार हो गया। घायलों की हालत स्थिर है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। 
 
छोला मंदिर थाना प्रभारी अनिल सिंह मौर्य के मुताबिक जेबरून्निशां (60) अटल नेहरू नगर में रहती हैं। उनके साथ उनका बेटा इमरान उर्फ टिल्लू रहता है। उनका दूसरा बेटा तौफीक कल्याण नगर छोला में अपनी पत्नी रजिया और बेटे अयान के साथ रहता है। इमरान अविवाहित है और नशे का आदी है। सोमवार को दोपहर में इमरान कल्याण नगर से अपनी भाभी रजिया को खाना बनाने के लिए घर लेकर आया था। 

भाभी के साथ उसका 12 साल का भतीजा अयान भी था। दोपहर में करीब डेढ़ बजे इमरान का अपनी मां जेबरुन्निशां से मकान उसके नाम करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान उसकी भाभी रजिया से भी बहस होने लगी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपित ने बेसबॉल के बैट और कुल्‍हाड़ी से अपनी मां व भाभी पर हमला कर दिया। इस हमले में रजिया बुरी तरह घायल हो गई। इस बीच भतीजे अयान से भी आरोपित ने मारपीट कर दी। बुजुर्ग मां और भाभी की चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोस में रहने वाली रुकसाना नाम की महिला बीच-बचाव करने पहुंची तो इमरान ने उस पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया।

टीआइ अनिल मौर्य ने बताया कि आरोपित इमरान नशे की गोलियां खाने का आदी है और पूरे समय नशे में धुत रहता है। परिजन ने बताया कि सोमवार को भी वह नशे में था। घायल रजिया को एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन चोट गहरी होने के कारण शाम को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !