JABALPUR NEWS TODAY: LATEST HINDI NEWS 26th NOVEMBER 2020 / जबलपुर : आज के महत्वपूर्ण समाचार

मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में आज के महत्वपूर्ण समाचारों में किसान मंत्री श्री कमल पटेल ने की किसानों के लिए घोषणाएं, सिवनी का रहने वाला नकली आरक्षक पकड़ा गया, जबलपुर हाईकोर्ट ने ऑटो ड्राइवर्स पर लगाई रोक को रखा बरकरार ,जबलपुर हाईकोर्ट ने  राज्य सरकार को  आयुष्मान भारत  योजना के लिए जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ,लोक निर्माण मंत्रालय ने कैंसिल किया टेंडर, बरगी क्षेत्र में दिखाई दिए जंगली हाथी, निवार नाम के साइक्लोन की दस्तक और भी महत्वपूर्ण समाचार

महाकौशल के लिए फूड प्रोसेसिंग यूनिट की घोषणा, नर्मदा किनारे नारियल की खेती

जबलपुर। मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री श्री कमल पटेल इन दिनों जबलपुर के दौरे पर आए हैं। उन्होंने कृषि सुधार और किसानों के विकास के लिए कई योजनाएं चलाने की बात कही। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जल्द ही नर्मदा नदी के किनारे नारियल की खेती की जाएगी। किसानों के लिए मॉल भी खोले जाएंगे। साथ ही लंबे समय से मटर प्रोसेसिंग यूनिट की मांग कर रहे महाकौशल अंचल के लिए फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने की भी घोषणा की गई।

जबलपुर में फर्जी सिपाही वर्दी पहनकर चोरी करता था

जबलपुर। धूमा सिवनी का रहने वाला एक युवक सत्येंद्र गोल्हानी पिछले 3 साल से आरक्षक बनकर घूम रहा था। वह अपने घरवालों, रिश्तेदारों को बताता था कि वह जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में पदस्थ है। आरोपित शहर में किराए के मकान में रहता था व वर्दी पहनकर शहर में चोरी की वारदात को अंजाम देता था। उसने अपनी बाइक के आगे पीछे पुलिस लिखवा रखा था, उसने फर्जी आईडी कार्ड भी बनवा रखा था। गढ़ा थाना सीएसपी ट्रेनी IPS रोहित काशवानी ने इस मामले का खुलासा किया।

नए ऑटो रिक्शा को परमिट पर रोक बरकरार

जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में ऑटो ड्राइवर्स एसोसिएशन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता नमन नागरथ ने परमिट जारी करने पर लगाई गई रोक को हटाने का आग्रह किया था परंतु हाई कोर्ट जबलपुर ने ऑटो की धमाचौकड़ी और नियमों का पालन न करने के चलते नए परमिट जारी करने पर लगाई रोक को बरकरार रखा है।

आयुष्मान भारत कार्ड मामले में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को मोहलत दी

जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने बुधवार 25.11.2020 को गरीबों के लिए लागू की गई आयुष्मान भारत योजना के कार्ड की जानकारी पेश करने के लिए राज्य सरकार को समय दे दिया है। क्योंकि अभी तक केवल 25% गरीबों के ही आयुष्मान भारत कार्ड बन पाए हैं जबकि  75% गरीब अभी भी आयुष्मान योजना से वंचित है। इस पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अगली सुनवाई 7 दिसंबर 2020 को होगी।

नर्मदा पर 2 पुलों के टेंडर रद्द

जबलपुर। नर्मदा नदी पर पिछले 3 साल से पुलों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। नर्मदा नदी  लम्हेटा से लम्हेटी और सरस्वती घाट से ग्वारीघाट तक प्रस्तावित ब्रिजों के टेंडर को लोक निर्माण मंत्रालय ने कैंसिल कर दिया है। जिसकी वजह टेंडर रेट है, जो टेंडर रेट तय किए गए थे उससे कमेटी और मंत्रालय के प्रमुख अधिकारी सहमत नहीं है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि भोपाल से एक बार फिर ब्रिज के निर्माण को लेकर टेंडर जारी किया जाएगा।

बरगी क्षेत्र में दो जंगली हाथी दिखाई दिए

जबलपुर। बरगी क्षेत्र में इन दिनों दो जंगली हाथी दिखाई दे रहे हैं। हाथियों से घबराकर लोग बिजली टावर पर चढ़ गए। वन विभाग ने मुनादी कराकर लोगों को घर में ही रहने के लिए कहा। डीएफओ अंजना तिर्की ने बताया कि यह दोनों हाथी कान्हा जंगल में थे। काफी दिनों पहले भटक कर मंडला के फुलसागर में पहुंच गए थे। नर्मदा नदी में पानी अधिक होने के कारण ये हाथी दूसरी ओर नहीं निकल पाए और नर्मदा के किनारे-किनारे चलकर बरगी पहुंच गए। बुधवार 23.11.2020 को दोनों हाथों को खैरानी गांव के पास देखा गया।

जबलपुर में निवार नाम के साइक्लोन का आंशिक असर

जबलपुर। मध्य प्रदेश में अगले 2 दिन के भीतर बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात (साइक्लोन) अपना असर दिखा सकता है। जबलपुर में निवार नाम के साइक्लोन का आंशिक असर देखा जा सकता है। मौसम वैज्ञानिक बीजू जॉन जैकब के मुताबिक 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चक्रवात तटीय क्षेत्र की तरफ बढ़ रहा है। हालांकि जबलपुर में इसका असर कम ही होगा परंतु इसके कारण जबलपुर में अगले 2 दिनों तक बादल छा सकते हैं व तापमान में गिरावट आ सकती है।

लाइफ मेडिसिटी अस्पताल में कर्मचारियों के साथ मारपीट

जबलपुर। आगा चौक, माढोताल स्थित लाइफ मेडिसिटी अस्पताल के सीनियर अकाउंटेंट आशीष मिश्रा ने शिकायत की है कि असिस्टेंट अकाउंटेंट और पीआरओ समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की। साथ ही ₹10000 भी लूटे। पीड़ित आशीष ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के डायरेक्टर नरेंद्र अग्रवाल व उनसे संरक्षण प्राप्त आरोपियों को पुलिस संरक्षण दे रही है। एसआई थाना लार्डगंज अनिल मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं।

बिल्हारी में युवक का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन

जबलपुर। ऋतिक सैलानी की लाश नहर में मिलने को लेकर युवक का शव सड़क पर रखकर  बिल्हारी में प्रदर्शन किया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।

जबलपुर में बैंक हड़ताल के कारण कामकाज ठप

जबलपुर। बैंकों में चल रही हड़ताल के कारण कामकाज ठप हो गया है। गुरुवार को बैंक से कोई लेन-देन नहीं हुआ जिससे करोड़ों रुपयों के नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इन दिनों बैंक कर्मी 10 सूत्री मांगों को लेकर 10 श्रमिक संगठनों सहित हड़ताल पर है।
Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !