अमित शाह जी, जनता उम्र नहीं काम देखती है: कमलनाथ | MP NEWS

भोपाल। भारत सरकार के गृह मंत्री अमित शाह को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उन्हीं के अंदाज में जवाब दिया है। श्री अमित शाह ने जबलपुर में कहा था कि " कमलनाथ जी, जोर से बोलने की आपकी उम्र नहीं रही, तबीयत खराब हो जाएगी।" इसका जवाब देते हुए कमलनाथ ने आज गृह मंत्री को टारगेट करते हुए कहा कि " जनता उम्र नहीं काम देखती है।"

5 साल बाद हम मध्य प्रदेश में फिर सरकार बनायेंगे: कमलनाथ

सीएम कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश की शांत धरती पर इस कानून के नाम पर भाजपा नेताओं को गुमराह करने व फिजा खराब करने के लिए आने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा, 'अमित शाह जी  आप कांग्रेस को नहीं, जनता को समझाएं, जो इस सच्चाई को बेहतर ढंग से जानती है कि केन्द्र सरकार अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए और वर्तमान हालातों से ध्यान भटकाने के लिए CAA/NRC जैसे कानून को जनता पर जबर्दस्ती थोपने का काम कर रही है।' सीएम ने कहा कि जनता ने राज्य में कांग्रेस को पूरे 5 वर्ष के लिए प्रदेश की सत्ता की बागडोर सौंपी है। इसे जनता की गलती बताकर आप जनादेश का व जनता का अपमान कर रहे हैं। पांच वर्ष बाद पूरी हिम्मत व विश्वास के साथ, काम के आधार पर हम जनता के बीच जरूर जाएंगे।

अमित शाह जी, जनता के मूड को समझिए, महाराष्ट्र और झारखंड में भी आप की सरकार नहीं रही: कमलनाथ

एमपी के सीएम ने गृह मंत्री के बयान को लेकर कहा कि पिछले एक वर्ष में मध्यप्रदेश, छतीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव के परिणामों से आपको जनता का मूड समझ लेना चाहिए। जनता आपकी पूर्व की प्रदेश सरकार को याद जरूर कर रही है, लेकिन इसलिए कि कैसी झूठ व घोषणा वाली सरकार थी। उसने प्रदेश को बर्बाद कर दिया, कर्ज के दलदल में धकेल दिया। खेती को घाटे का धंधा बना दिया, युवाओं को बेरोजगार बना दिया और प्रदेश को महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से असुरक्षित प्रदेश बना दिया। हमने तो एक वर्ष में ही प्रदेश में कामों के आधार पर बदलाव ला कर दिखा दिया है कि सरकार क्या होती है। 365 दिन में वचन पत्र के 365 वादों को पूरा कर बता दिया है कि हम काम में विश्वास रखते हैं, झूठी घोषणाओं और वादों में नहीं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !