गांधी जयंती: कॉलेजों की छुट्टी रद्द, स्कूलों में असमंजस | MP NEWS

Bhopal Samachar
भोपाल। गांधी जयंती 2 अक्टूबर की छुट्टी पर ग्रहण लगता नजर आ रहा है। कॉलेजों में गांधी जयंती का अवकाश रद्द कर दिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। स्कूलों में अवकाश होगा या नहीं, संशय है क्योंकि लोक शिक्षण संचालनालय ने कार्यक्रम तो जारी किया है परंतु अवकाश रद्द करने का आदेश जारी नहीं किया। 

लोक शिक्षण संचालनालय ने स्कूलों में कार्यक्रम रखा है

गांधी जयंती पर सरकारी स्कूलों में अवकाश को लेकर असमंजस बना हुआ है। दो अक्टूबर को सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में अवकाश घोषित रहता है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा हाल ही में दो अक्टूबर को स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पत्र जारी किया गया है। इसमें लिखा है कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी स्कूलों में कार्यक्रम करवाए जाएं।

छुट्टी निरस्त नहीं की, लेकिन कार्यक्रम होगा

अभी तक स्कूलों में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में दो अक्टूबर से पहले और बाद में आयोजन होते आए हैं। ऐसे में स्कूल शिक्षा विभाग के आला अफसर व सरकारी स्कूलों के प्राचार्य असमंजस में हैं कि दो अक्टूबर को छात्रों की छुट्टी रहेगी या नहीं। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण मनीष वर्मा के मुताबिक अभी राज्य शासन द्वारा दो अक्टूबर को स्कूलों की छुट्टी निरस्त करने के लिए कोई आदेश नहीं आया है। सोमवार तक इस संबंध में स्पष्ट निर्देश आने की संभावना है।

स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता व फिल्म दिखाई जाएगी

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा स्कूलों में गांधीजी के सूत्र वाक्यों पर चित्रकला प्रतियोगिता, हिंदी स्वराज पुस्तक के वाचन का समापन और छात्रों को गांधीजी के जीवन पर आधारित फिल्म छात्रों को दिखाने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में जागरूकता अभियान का भी शुभारंभ किया जाएगा।

कॉलेज की छुट्टी रद्द

गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों को महात्मा गांधी पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन करने को कहा है। इस दिन ऑडिटोरियम में व्याख्यान होगा, जिसमें गांधीवादी करुणाकर त्रिवेदी विचार रखेंगे। विवि प्रशासन ने विभागों में भी कार्यक्रम करवाने को कहा है। जहां महात्मा गांधी के साहित्य का वाचन किया जाएगा। मीडिया प्रभारी डॉ. चंदन गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गृहमंत्री बाला बच्चन होंगे। मुख्य आयोजन विवि के ऑडिटोरियम में होगा। जहां विभागों से विद्यार्थियों को भी बुलाया है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!