BJP का साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को संदेश: 19 तक किसी को श्राप मत देना | BHOPAL NEWS

भोपाल। साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का 'फर्स्टलुक' भाजपा में योगी आदित्यनाथ का विकल्प नजर आया था परंतु जैसे ही वो 4 कदम आगे बढ़ीं और उन्होंने बयान देना शुरू किए सारी स्थिति ही बदल गई। हालात यह हैं कि भोपाल में मतदान पूर्ण हो जाने के बाद भी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को निर्देशित किया गया है कि वो 19 मई यानी लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान पूर्ण होने तक कोई बयान ना दें। यहां तक कि उन्हे भाजपा के चुनाव प्रचार के काम पर भी नहीं लगाया जा रहा। 

भाजपा के चाणक्यों का मानना है कि साध्वी ने मुंबई आतंकी हमले में शहीद हेमंत करकरे को लेकर जो 'श्राप से मौत" का बयान दिया था, उससे पार्टी को नुकसान हुआ। खासतौर से महाराष्ट्र में भी इसका असर दिखाई दिया। मप्र में रहने वाला मराठी समाज भी नाराज हुआ। इन्हीं बयानों के चलते भाजपा ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे और वरिष्ठ नेता ओपी माथुर को अगले कुछ दिन भोपाल में डटे रहने को कहा है। 

इन हालात को देखकर पार्टी ने साध्वी प्रज्ञा को 19 मई तक मौन रहने का इशारा किया है। उनके साथ रहने वालों को सचेत कर दिया गया है कि वे मीडिया से अनावश्यक बातचीत न करें और 19 मई के आखिरी चरण के मतदान तक किसी तरह के विवादास्पद बयानबाजी से बचें। पार्टी ने साध्वी प्रज्ञा के भोपाल चुनाव से फुर्सत होने के बाद भी स्टार प्रचारक नहीं बनाया है। पार्टी ने साध्वी को कांग्रेस के सबसे दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ प्रत्याशी बनाया था पर मालवा-निमाड़ में पार्टी ने उनकी क्षमताओं के उपयोग का अब तक कार्यक्रम नहीं बनाया है। 

इसकी वजह है - साध्वी के विवादास्पद बयान। पार्टी नेताओं की मानें तो मालवांचल में भाजपा किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती है। इंदौर लोकसभा क्षेत्र में मराठी मतदाताओं की संख्या भी बहुत ज्यादा है, जो साध्वी के बयान से खफा हैं। साध्वी के विवादास्पद बयानों ने चुनाव के दौरान ही भाजपा और संघ को चिंता में डाल दिया था, जिसके चलते उन्हें संघ कार्यालय 'समिधा" बुलाकर समझाइश भी दी गई थी।

भोपाल स्थित रिवेयरा टाउन के घर में साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर इन दिनों आराम कर रही हैं। वे अभी किसी से नहीं मिल रही हैं। उनके आवास पर भी परिचितों के अलावा कोई नहीं है। शाम के वक्त उनके घर पर पांच पंडित पहुंचे। नजदीकी सूत्रों के मुताबिक, साध्वी देवास सीट पर प्रचार के लिए जाना चाहतीं हैं। देवास से भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सोलंकी उनके परिचित हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !