छोटे नाथ तो सोने के लिए भी नागपुर जाते हैं, छिंदवाड़ा का काम कैसे करेंगे: शिवराज सिंह | Chhindwara mp news

छिंदवाड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 1980 से इस लोकसभा क्षेत्र में बड़े नाथ रहे। अब वे विधानसभा में पहुंच गए हैं तो उन्होंने यहां पर छोटे नाथ को बैठा दिया है। श्री चौहान ने कहा कि क्या छिंदवाड़ा में नाथ के अलावा और कोई नहीं है? उन्होंने कहा कि छोटे नाथ भी छिंदवाड़ा में टिकते नहीं हैं। वे यहां आते हैं तो सोने के लिए नागपुर जाते हैं। जब वे यहां टिकेंगे ही नहीं,  तो फिर छिंदवाड़ावासियों की मदद कैसे करेंगे? ये बातें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराज सिंह चौहान ने छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र के नवेगांव (जुन्नारदेव), सिंगोरी (अमरवाड़ा) में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बरघाट जिला सिवनी और रूसा जिला डिंडौरी में भी जनसभाओं को संबोधित किया।

कांग्रेस गजब करती, चार माह में ही अरबपति

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह कांग्रेस भी गजब करती है, चार माह में ही अरबपति हो गई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में विकास ठप्प, जनकल्याणकारी कार्य ठप्प, बेटियों के विवाह बंद, तीर्थ यात्राएं बंद, भांजे-भांजियों की कॉलेजों की फीस भराना बंद, अंतिम संस्कार में दी जाने वाली मदद बंद। सब कुछ बंद कर दिया, सिर्फ तबादला उद्योग जारी है। इस तबादला उद्योग में नोटों की गड्डी पर गड्डी आ रही है। इन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से तबादलों में करोड़ों रूपए कमाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार प्रदेश के लोगों के साथ छलावा कर रही है। विधानसभा चुनाव में प्रदेश के किसानों को 2 लाख रूपए कर्जमाफी का लालच देकर सत्ता में आए, लेकिन आज तक किसानों का कर्जमाफ नहीं हुआ है।

झूठ बोलने के रिकार्ड बन रहे हैं

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गर्मी रिकार्ड तोड़ रही है, चुनाव की गर्मी भी रिकार्ड तोड़ रही है, लेकिन इधर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और मुख्यमंत्री कमलनाथ झूठ पर झूठ बोलने के रिकार्ड तोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्जमाफी के नाम पर किसानों को छलने वाली प्रदेश की कांग्रेस सरकार रोजगार देने के नाम पर भी युवाओं के साथ भद्दा मजाक कर रही है। रोजगार के नाम पर मवेशी चराने और बैंड बजाने का प्रशिक्षण देने की बात मुख्यमंत्री कमलनाथ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तीन महीने में ही प्रदेश को बर्बाद करके रख दिया है। आयकर विभाग ने छापा मारा तो नोटों की गड्डियों पर गड्डियां निकल आईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है।

पाकिस्तान की भाषा बोलने वाले कांग्रेसियों को जनता सबक सिखाएगी

कांग्रेस के नेता पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। जिन्ना के गुणगान गा रहे हैं। पाकिस्तान के गीत गा रहे हैं। पाकिस्तान की भाषा बोलने वाले इन कांग्रेसियों को 23 मई को सबक सिखाना है। इनकी सरकारों में देश पर आतंकी हमले होते थे, तो इनकी आवाज नहीं निकलती थी। आतंकवादियों से लोहा लेने का हौसला सिर्फ भाजपा में है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में है। 

ये कांग्रेसी को सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगते हैं

पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उड़ी में आतंकवादी हमला हुआ तो हमारी सेना गई और सर्जिकल स्ट्राइक करके पाकिस्तान को सबक सिखाकर आई। फिर पुलवामा में आतंकी हमला हुआ तो हमारी एयरफोर्स ने एयर स्ट्राइक की और पाकिस्तान को उनके घर में घुसकर मारा। इसके बाद भी कांग्रेस हमसे सबूत मांगती है। कांग्रेस कहती है कि सबूत लाओ, तो क्या तुम्हारे नेता को हेलीकाप्टर से बांधकर ले जाते दिखाने को तभी मानते क्या? उन्होंने कहा कि अब वे दिन गए जब आतंकवादी हमारे हमें गोली मारे और हम उन्हें बिरयानी खिलवाएं। उन्होंने कहा कि अब नहीं सहेंगे पाकिस्तान के आतंकवादियों की हरकतों को, उन्हें सबक सिखाया है और आगे भी सिखाएंगे।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !