RATLAM: जैन साध्वी पर यौन हमले के लिए अपहरण की कोशिश | MP NEWS

रतलाम। उर्स से लौट रहे एक ऑटो रिक्शा चालक शोएब खान पे विहार पर निकलीं महिला जैन साध्वी को सुनसान रास्ते में रोक लिया। उनके साथ अभद्रता की एवं अपहरण की कोशिश की परंतु इससे पहले कि वो सफल हो पाता, एक अज्ञात यात्री से आ गया जिसे देखकर शोएब खान भाग गया। इस घटना के बाद जैन समाज में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

3 जैन साध्वीजी खाचरौद से पैदल विहार कर गुरुवार को बड़ावदा पहुँचीं। विश्राम के बाद शुक्रवार सुबह 5.40 बजे मुख्य साध्वीजी सबसे पहले जैन मंदिर से बाहर निकलीं और रिंगनोद जाने के लिए विहार शुरू किया। दो साध्वी एवं उनके सेवक थोड़े पीछे रह गए। इसी बीच बड़ावदा के पीपली चौक में साध्वी को अकेला देख एक ऑटो चालक पास आया। ऑटो से उतरकर आसपास नजर घुमाई। कोई दिखाई नहीं दिया तो साध्वी से अभद्रता करने लगा। बदमाश ने हाथ पकड़कर कहा- चल मेरे साथ। उन्हें जबरन ऑटो में बैठाने का प्रयास किया। साध्वी ने सेवक भय्यू को पुकारा। वह दूर था, इसलिए आवाज नहीं सुन सका। इसी दौरान एक राहगीर आ गया जिसे देख आरोपी ऑटो से भाग निकला। 

साध्वी, उनकी शिष्या एवं सेवक रिंगनोद स्थित श्रीपार्श्व पद्मावती पावनधाम जैन मंदिर पहुंचीं। मामला तूल न पकड़े इसलिए साध्वी ने समाज को सूचना दी, लेकिन कार्रवाई से मना कर दिया।शनिवार को समाजजन ने घटना का आक्रोश जताते हुए साध्वीजी को कार्रवाई के लिए राजी किया। सूचना पर बड़ावदा थाना प्रभारी के.एल. पटेल एसआई व महिला आरक्षक के साथ रिंगनोद जैन मंदिर पहुंचे। महिला आरक्षक ने बयान दर्ज किए। साध्वी ने घटनाक्रम बताया। समाजजन ने पुलिस के समक्ष आक्रोश जाहिर कर ठोस कार्रवाई की मांग की। मौके पर रिंगनोद थाना प्रभारी गिरीश जेजुलकर भी मौजूद थे।

बड़ावदा में पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ धारा 354 में छेड़छाड़ का केस दर्ज किया। सीएसपी आशुतोष बागरी ने बताया आरोपी का नाम शोएब खान निवासी उज्जैन सामने आया है। शनिवार देर रात उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। भविष्य में ऐसी घटना ना हो, इसलिए जैन संतों के विहार के दौरान सतर्कता बरती जाएगी। नगरीय क्षेत्रों में विहार या मॉर्निंग वॉक करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से गश्त बढ़ाई जाएगी। बड़ावदा थाना प्रभारी पटेल ने बताया यहां उर्स चल रहा है। संभवत: इसमें ऑटो चालक आया था। पूछताछ में स्थिति स्पष्ट होगी।

ऐसे पकड़ में आया आरोपी, एक अन्य की तलाश जारी
सूत्रों के अनुसार ऑटो में चालक के साथ उसका एक अन्य साथी था। ये दोनों ऑटो से उर्स में आए थे और बड़ावदा में इनकी रिश्तेदारी है। वहीं सवारी छोड़ने आए तथा लौटते वक्त यह हरकत कर दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने आसपास क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इससे पता चला ऑटो किसके घर गया था। फिर वहां से पता करने पर एक-दो लोगों से पूछताछ की। ऑटो नंबर मिले। इस आधार पर आरटीओ साइट पर नाम-पते सर्च किए। इसमें उज्जैन के नीलगंगा नगर थाना क्षेत्र के शोएब खान का नाम सामने आया। इस आधार पर शनिवार देर रात पुलिस ने वहां जाकर शोएब को हिरासत में लिया। पुलिस दूसरे साथी की तलाश कर रही है।

घटना के विरोध में रिंगनोद व रतलाम के जैन समाज ने ज्ञापन सौंपा : 
रिंगनोद पार्श्व पद्मावती पावनधाम ट्रस्ट कोषाध्यक्ष दिनेश डूंगरवाल ने बताया घटना के विरोध में रिंगनोद का सकल जैन समाज सुबह 10.30 बजे रिंगनोद थाने पहुंचा और कठाेर कार्रवाई की मांग करते हुए में ज्ञापन सौंपा। रतलाम निवासी महेंद्र गादिया ने बताया मामला गंभीर है। रतलाम सकल जैन समाज ने कलेक्टर, एसपी से मिलकर आरोपी पर सख्त कार्रवाई तथा जैन साधु-संतों को सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !