KAMAL NATH सरकार: मंत्रियों के नाम फाइनल, राहुल गांधी ने अप्रूव किया | MP NEWS

भोपाल। मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार के मंत्रियों की लिस्ट फाइनल हो गई है। कांग्रेस के हाईकमान राहुल गांधी ने लिस्ट को अप्रूव कर दिया है। शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार 25 दिसम्बर 2019 को होगा। इसकी तैयारियां पूरी हो चुकीं हैं। 4 दिन से दिल्ली में डटे सीएम कमलनाथ वापस आ रहे हैं। वो सोमवार रात तक भोपाल पहुंच जाएंगे। 

मंत्रिमंडल गठन को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ 4 दिन से दिल्ली में हैं। वे गुरुवार को दिल्ली पहुंच गए थे। उन्होंने राहुल गांधी के अलावा प्रदेश के दिग्गज नेताओं दिग्विजय सिंह, अरुण यादव और ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी चर्चा की। इन चार दिनों में कमलनाथ चार बार राहुल गांधी और तीन बार ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिले हैं। सूत्रों का कहना है कि इन मुलाकातों के बीच एक बार राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की भी लगभग एक घंटे चर्चा हुई है। 

विधानसभा अध्यक्ष का नाम आज तय होने की संभावना है। इस पद के लिए वरिष्ठ सदस्यों में डॉ. गोविंद सिंह, केपी सिंह और डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ के नाम की चर्चा है। यह माना जा रहा है कि साधौ को अध्यक्ष बनाए जाने पर सहमति बन सकती है। 


पहली बार के विधायक मंत्रिमंडल में नहीं: 

मंत्रिमंडल के गठन को लेकर शनिवार को भी दिल्ली में मुख्यमंत्री कमलनाथ की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की। कमलनाथ, एके अंटोनी, भंवर जितेंद्र सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया और दीपक बावरिया के बीच देर रात तक चर्चा जारी रही। सूत्रों के मुताबिक पहली बार के किसी भी विधायक को मंत्री नहीं बनाया जाने पर नेताओं के बीच सहमति बन चुकी है। दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार प्रमुख विभागों के बंटवारे में भी गुटीय संतुलन का ध्यान रखा जा रहा है। 


सात जनवरी को पहला सत्र: 

विधानसभा का नया सत्र 7 जनवरी से शुरू होने वाला है जो 11 जनवरी तक होगा चलेगा। इस सत्र में सभी नए विधायक शपथ लेंगे। 90 विधायक पहली बार सत्र में शामिल होंगे।


कल दोपहर से राजभवन रोड पर वाहन प्रतिबंधित : 

प्रदेश के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार दोपहर एक बजे से पांच बजे तक राजभवन में होगा। इसके लिए पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में कुछ बदलाव किए हैं। मालवीय नगर तिराहा, मछलीघर तिराहा, कंट्रोल रूम तिराहा से राजभवन की ओर केवल कार्यक्रम में आने वाले वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इस बीच अन्य सभी तरह के वाहनों के लिए राजभवन जाने वाला मार्ग प्रतिबंधित रहेगा। 

इन रास्तों से आ जा सकते हैं 

इन चार घंटे के भीतर जिन वाहनों को रोशनपुरा से लिली टॉकीज की ओर जाना है, उन्हें रोशनपुरा से पॉलिटेक्निक चौराहा, रेतघाट, मोती मस्जिद, बुधवारा, तलैया होते हुए जाना होगा। लिली टॉकीज से रोशनपुरा, टीटी नगर की ओर जाने वाले वाहन लिली टॉकीज तिराहा, जिंसी चौराहा, मैदा मिल से लिंक रोड नंबर एक होकर आ-जा सकेंगे। 


यहां से गुजरेंगी सभी बसें 

रोशनपुरा से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली बसें व अन्य वाहन लिंक रोड नंबर एक, बोर्ड ऑफिस, मैदा मिल, जिंसी, पुल बोगदा होकर आ-जा सकेंगे। रेलवे स्टेशन से नए शहर की ओर जाने वाले वाहन भारत टॉकीज, पुल बोगदा, प्रभात-जिंसी चौराहा होते हुए गुजरेंगे। रेतघाट, पॉलिटेक्निक चौराहा से एमपी नगर की ओर जाने वाले वाहन रोशनपुरा, लिंक रोड नंबर एक, व्यापमं , बोर्ड ऑफिस होते हुए आ जा सकेंगे। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !