प्रदेश के 16 जिलों में सर्दी का कर्फ्यू, मौसम विभाग ने दी चेतावनी | MP WEATHER REPORT

भोपाल। मध्यप्रदेश के 16 जिलों में सर्दी का कर्फ्यू लग गया है। यहां हवाएं इतनी ज्यादा ठंडी बह रहीं हैं कि लोग घरों और दफ्तरों में कैद हो जाने के लिए मजबूर हो गए हैं। सड़कों पर अति आवश्यक होने पर ही लोग निकल रहे हैं। सूर्य ढलने के बाद तो जैसे इंसानों की शक्ल ही दिखना बंद हो जातीं हैं। 

ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों में कोहरा छाया हुआ है। रीवा, शहडोल, ग्वालियर, छतरपुर, पन्ना, मंडला, जबलपुर, बैतूल, सिवनी, रतलाम, टीकमगढ़, होशंगाबाद, नीमच, शाजापुर, उज्जैन और छिंदवाड़ा में शीतलहर चल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। इसके बाद थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। 

भोपाल 6 से 8 डिग्री, खजुराहो 2 डिग्री
राजधानी में लगातार छह दिन से रात का तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच बना हुआ है। इससे पहले 1996 में 9 से 14 दिसंबर तक छह दिन तक रात का तापमान 5.8 से 7.8 डिग्री के बीच रहा था। यहां नौ दिन पहले 14 दिसंबर से रात के तापमान के लुढ़कने का सिलसिला शुरू हुआ था। 15 दिसंबर को यह 10 डिग्री से नीचे, 16 को 9 डिग्री से नीचे और फिर 17 दिसंबर को यह 8 डिग्री से गिरकर 7.4 डिग्री पर पहुंच गया। तब से यह शुक्रवार तक 8 डिग्री से नीचे ही रहा। शनिवार के बाद रविवार को भी प्रदेश में खजुराहो सबसे ठंडा (2.0) रहा। 

प्रदूषित इलाकों में दिन में ठंड थोड़ी कम
शहर में दिन में भले ही ठंड कम हो गई हो, लेकिन रात में मौसम के सर्द तेवर नरम नहीं पड़े हैं। रात का तापमान अभी भी सामान्य से 3 डिग्री कम है। लगातार दस दिन से ऐसी ठंड पड़ रही है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा का कहना है कि उत्तर से आ रही सर्द हवा के अलावा खास वजह यह है कि आसमान साफ रहा। इसी से रात का पारा तेजी से लुढ़का। दोपहर से अगले दिन सुबह तक 15 घंटे 30 मिनट में तापमान में 18-19 डिग्री की गिरावट हो रही है। इस वजह से कूलिंग यानी ठंडक भी ज्यादा हो रही है। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !