भरे चुनाव में किसान आंदोलित हो उठे, चक्काजाम | MP NEWS

NEWS ROOM
रायसेन। पूरे प्रदेश में चुनावी माहौल है। सीएम शिवराज सिंह चौहान गांव-गांव जाकर गिना रहे हैं कि उनके राज में किसान कितना खुशहाल है। उसके साथ न्याय हो रहा है। उसे फसलों का उचित दाम मिल रहा है परंतु यहां किसान फसलों का उचित दाम ना मिलने के कारण भड़क उठे। उन्होंने चक्काजाम कर दिया। 

दीपावली के बाद ही मंडी में धान बेचने वालों किसानों की लाइन लगी हुई है। प्रतिदिन धान की 500 ट्रॉलियां मंडी पहुंच रही हैं। इसी के तहत बुधवार को भी दर्जनों किसान जिला मुख्यालय की मंडी में धान बेचने पहुंचे थे, जहां व्यापारियों ने धान की बोली 2600 से 2700 रुपए प्रति क्विंटल लगाई, जबकि किसानों ने 2800 से 3000 रुपए प्रति क्विंटल की मांग की। व्यापारियों ने ज्यादा कीमत देने से इंकार कर दिया, जिससे किसानों में आक्रोश फैल गया और दोनों में विवाद हो गया।

गुस्साए किसानों ने मंडी कार्यालय के सामने पहले तो प्रदर्शन किया और फिर दोपहर लगभग 12 बजे से भोपाल-सागर मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक चक्काजाम लगा दिया।इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम में सैकड़ों यात्रियों से लेकर स्थानीय रहवासियों के वाहन भी फंसे हुए थे। सूचना पर पहुंचे एसडीएम संजय उपाध्याय और पुलिस बल ने आश्वासन देकर चक्काजाम खत्म कराया। किसानों को चर्चा के लिए मंडी कार्यालय बुलाया। वहां करीब आधे घंटे तक हंगामा होता रहा। समझाइश के बाद हंगामा शांत हुआ।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!