MP NEWS: शिवराज सिंह का तो बस मुंह चलता है: कमलनाथ

भोपाल। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने आज देपालपुर की जनसभा में भाजपा की शिवराज सिंह चौहान सरकार को 'चोर' कहा है। कमलनाथ ने जोड़ा शिवराज सिंह केवल झूठी घोषणाएं करते हैं। प्रदेश में हर वर्ग परेशान है, शिवराज सिंह ने कुछ नहीं किया। उनका तो बस मुंह चलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आजादी से पहले गोरों से लड़ी थी, अब चोरों से लड़ेगी। कमलनाथ बोले शिवराज सरकार ने लोगों के पेट में लात और छाती पर गोली मारी है। वे बेरोजगार, किसानों, महिलाओं और महंगाई की बात नहीं करते हैं, लोगों को गुमराह करने के लिये राष्ट्रवाद की बात करते हैं। ये कोई एक नाम बता दें जो उनसे जुड़ा हो, जिसकी भूमिका आजादी की लड़ाई में रही हो और जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हो। मोदी जी किस मुंह से हमें राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाते हैं। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार एक व्यवस्था बन गयी है। चार महीने ठहर जाइये निश्चित ही मध्यप्रदेश की विधानसभा पर कांग्रेस का झण्डा लहरायेगा। 

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह अपने प्रचार-प्रसार पर करोड़ों रूपये खर्च करते हैं। अखबारों में 30 में से 25 दिन झूठी घोषणाएं करते हैं जो पूरी नहीं होती। इसी इंदौर में करोड़ों रूपये खर्च कर उन्होंने कई बार इन्वेस्टर्स मीट की, लेकिन नतीजा शून्य है। जितने उद्योग लगते नहीं, उससे ज्यादा बंद हो जाते हैं। कहते थे कि विदेशी कंपनियां आयेंगी। चीन, कोरिया की टाउनशिप बनेगी और हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। क्या युवाओं को रोजगार मिला? उन्होंने कहा कि कांगे्रस की सरकार बनने पर हम बंद उद्योग शुरू करेंगे और नये उद्योग लगायेंगे। जो उद्योग मध्यप्रदेश के युवाओं को रोजगार देगा उसे हमारी सरकार उनके वेतन का 25 फीसदी पैसा देगी। 
कमलनाथ ने कहा कि हम घोषणा नहीं करेंगे, हम तो संकल्प लेंगे और कांगे्रस की सरकार बनने पर उसे पूरा करेंगे। अपने संकल्प के अनुरूप हम किसानों का कर्जा माफ, बिजली का बिल हाफ और भाजपा को साफ करेंगे। उन्होंने कहा कि आज हर वर्ग परेशान है। किसानों की आत्महत्या, बेरोजगारी और महिला अत्याचार में मध्यप्रदेश पहले नंबर पर है। आज प्रश्न किसान, नौजवान और महिलाओं की सुरक्षा का है, लेकिन शिवराज सिंह का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। उनका तो बस मुंह चलता है। इतना सब होने के बाद में तो उनकी हिम्मत की दाद देता हूं कि वे जनता से आशीर्वाद मांगने निकले हैं। वे आशीर्वाद मांगने की बजाय आशीर्वाद खरीद रहे हैं। यदि उन्होंने सभी वर्गों के लिये जरा भी काम किये होते तो उन्हें जन आशीर्वाद यात्रा की नौटंकी नहीं करना पड़ती।

कमलनाथ ने कहा कि सच्चाई आपके सामने है। आज कांग्रेस के भविष्य का नहीं मध्यप्रदेश के भविष्य का सवाल है, हमारे नौजवानों और आने वाली पीढ़ी के भविष्य का सवाल है। आप सच्चाई को समझें, सच्चाई का साथ दें और सच्चाई लोगों तक पहुंचायें, क्योंकि इसमें ही मध्यप्रदेश की भोली-भाली जनता का सुखद भविष्य छिपा है। किसी को गुमराह करने की बात मैं नहीं कर रहा, मैं तो केवल सच्चाई का साथ देने का आप लोगों से आग्रह कर रहा हूं। 
सभा में आस-पास के हजारों किसान और कांगे्रसजन आये थे। भारी भीड़ के कारण कमलनाथ को सभास्थल पर मंच तक पहुंचने में काफी मशक्कत करना पड़ी। 

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह, अरूण यादव, सज्ज्न वर्मा, प्रेमचन्द गुड्डू, जीतू पटवारी, विशाल पटेल, रामेश्वर पटेल, सत्यनारायण पटेल, तुलसी सिलावट, सदाशिव यादव सहित अन्य नेता उपस्थित थे।  
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करेंया फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !