इंदौर: सायबर सेल के अनुसार वीणा नगर में रहने वाली एक महिला ने दिसंबर 2017 में शिकायत दर्ज कराई थी की फेसबुक पर किसी ने उसके नाम से फर्जी आईडी बनाई है और उस आईडी के द्वारा कई लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है। महिला की शिकायत पर सायबर सेल ने आईटी एक्ट की धारा 66-सी के तहत केस दर्ज कर उप निरीक्षक आशुतोष मिठास को जांच सौंपी।
सायबर सेल ने फेसबुक के अधिकारियों से संपर्क कर पता लगाया कि महिला के नाम से उक्त आईडी कौन संचालित कर रहा है। फेसबुक से पुलिस को वह मोबाइल नंबर मिला जिससे फर्जी आईडी संचालित की जा रही थी। फेसबुक पर पत्नी की फर्जी आईडी बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को शक था कि पत्नी का किसी अन्य के साथ अफेयर है इसका पता लगाने के लिए फर्जी आईडी बनाई थी।
पुलिस ने मोबाइल नंबर की जांच की तो वह वीणा नगर में रहने वाले सुनील पोरवाल का निकला। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा तो वह फरियादी महिला का पति निकला। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी एक साल पहले हुई थी। उसे शक था की उसकी पत्नी फेसबुक पर किसी दोस्त से बात करती है। इसका पता लगाने के लिए उसने फर्जी आईडी बनाई थी।