शिवराज सरकार के कारण हमारा सिर शर्म से झुक जाता है: कमलनाथ | MP NEWS

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि इस शिवराज सरकार ने पूरे देश में मध्यप्रदेश को शर्मिंदा कर दिया है। मध्यप्रदेश लगातार हो रहे बलात्कार, किसान आत्महत्या के कारण हमारा सिर शर्म से झुक जाता है। पहले लोग अभिमान से कहते थे कि हम मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। कमलनाथ आज यहां मध्यप्रदेश असंगठित कामगार कांग्रेस के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश की तस्वीर आपके सामने हैं। आपका दायित्व हैं कि यह तस्वीर असंगठित कामगारों को बतायें। उन्हें कांग्रेस के पक्ष में जुड़ने के लिए प्रेरित और उत्साहित करें। आज सभी प्रतिनिधि यह संकल्प लें कि अपने-अपने शहर में जाकर हर दिन कम से कम दस सदस्यों को अपने साथ जोड़ेंगे। विधानसभा चुनाव के लिये यही आपकी चुनौती है।

कमलनाथ ने कहा कि आपके संगठन का महत्व बहुत बड़ा है। हमें ऐसे असंगठित मजदूरों का प्रतिनिधित्व करना है, जिनके पास न तो कोई संगठन है और न ही कोई समिति है। प्रदेश में असंगठित कामगारों की संख्या बहुत बड़ी है। यदि आपने कमर कस ली तो चार महीने बाद प्रदेश में कांगे्रस की सरकार होगी। श्री नाथ ने कहा कि हमने अपने राजनैतिक जीवन में कभी ऐसी परिस्थतियां नहीं देखी जब हर वर्ग परेशान है। आज मध्यप्रदेश बलात्कार, किसान आत्महत्या, कुपोषण आदि में नंबर वन है। अपराधों की दर आसमान छू रही है। महंगाई सर चढ़कर बोल रही है। भ्रष्टाचार के केस सबसे ज्यादा हो रहे हैं। यह तथ्य आपको असंगठित कामगारों के बीच रखना है, क्योंकि यह चुनाव कमलनाथ के भविष्य का नहीं है। यह चुनाव है आपके भविष्य का। यह चुनाव है मध्यप्रदेश के भविष्य का।

असंगठित कामगार कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद सिंह ने कहा कि प्रत्येक जिले में छह हजार असंगठित मजदूरों को जोड़ना हमारा लक्ष्य है। हम घरेलू काम करने वाले कामगारों के लिए कानून बनाने और मनरेगा मजदूरों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। शीघ्र ही जिला से लेकर ब्लाक स्तर तक पदाधिकारी नियुक्त कर दिये जायेंगे। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य राजमणि पटेल, कामगार कांगे्रस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश के प्रभारी अजय उपाध्याय, मध्यप्रदेश कामगार कांगे्रस के अध्यक्ष आशुतोष बिसेन आदि ने भी संबोधित किया।
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करेंया फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !