भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। अज्ञात हत्यारे ने एक व्यक्ति की हत्या की और फिर उसका सिर काटकर पेड़ पर लटका दिया। मृतक धड़ का धड़ वो अपने साथ ले गया या उसने कहीं और फैंक दिया, अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर हत्यारे और मृतक के सिर कटे धड़ की तलाश शुरू कर दी है।
मामला गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में भेल गेट नंबर छह के पास जंगल का है। यहां फंदे पर लटका मानव मुंड मिला। उसका धड़ गायब है, लेकिन पास ही कुछ कपड़े मिले हैं, जिन्हें देखकर अंदाजा है कि वे मृतक के ही होंगे। मुंड के माथे पर चोट का निशान भी मिला है। थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह कुशवाह के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब तीन बजे भेल के एक सुरक्षा गार्ड ने जंगल में मानव मुंड नजर आने की सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो मुंड रस्सी के सहारे पेड़ से उल्टा लटका मिला। वह जमीन से करीब साढ़े पांच फीट ऊंचाई पर था। आस-पास तलाशने पर भी धड़ नजर नहीं आया।
पुलिस आत्महत्या भी मान रही है
पुलिस का शुरुआती अंदाजा है कि मौत के बाद बढ़े शरीर के वजन के कारण धड़ सिर से टूटकर जमीन पर आ गिरा होगा, जिसे जानवर खींच ले गए होंगे। घटनास्थल से कुछ कदम दूर जींस पेंट मिली है, जिसकी बेल्ट बंधी है। गले पर लगी रस्सी की गांठ और दांतों के बीच फंसी जीभ को देखकर इसे खुदकुशी भी माना जा सकता है। लेकिन माथे पर नजर आ रही चोट और गायब हुए धड़ की वजह से पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।