राज्यपाल के इस्तीफे से क्या होगा, शक्तियां तो पीएम मोदी के पास हैं: राहुल गांधी

नई दिल्ली। कर्नाटक में मात्र 57 घंटे में गिरी भाजपा सरकार के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह सबकुछ पीएम नरेंद्र मोदी के इशारे पर चल रहा था। भाजपा ने हर कोशिश की लेकिन वो सफल नहीं हो पाए। राज्यपाल के इस्तीफे के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि उनका इस्तीफा हो या ना हो, शक्तियां तो प्रधानमंत्री के पास हैं। उन्होंने कहा नरेंद्र मोदी की लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं, प्रधानमंत्री खुद भ्रष्टाचार हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने कर्नाटक और इससे पहले गोवा और मणिपुर में जनादेश का अपमान किया।

सरकार नहीं बना पाए तो राष्ट्रगान का अपमान कर दिया

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा विधायक और स्पीकर राष्ट्रगान खत्म होने से पहले चले गए। इसे हर किसी ने देखा। ऐसी गलतियां भाजपा और आरएसएस हमेशा करता आया है। मोदी और अमित शाह ने कर्नाटक, गोवा और मणिपुर के जनादेश का अपमान किया। लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की। देश में सब कुछ पैसा और भ्रष्टाचार नहीं है। मेरी देवेगौड़ा जी और कांग्रेस के साथियों को बधाई।

उन्होंने सबकुछ किया लेकिन नाकामयाब रहे

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा को सोचना चाहिए कि उनके अहंकार का अंत हो गया है। उन्होंने हमारे और जेडीएस विधायकों को खरीदने की कोशिश की। उन्होंने सब कुछ किया कि कैसे भी विधानसभा में क्रॉस वोटिंग कराएं, पर वे कामयाब नहीं हो सके।

प्रधानमंत्री, लोकसभा-विधानसभा और सुप्रीम कोर्ट से बड़े नहीं हैं

राहुल ने आगे कहा, "मेरा प्रधानमंत्री को संदेश है कि वे इस देश की लोकसभा, विधानसभा और सुप्रीम कोर्ट से बड़े नहीं हैं। आरएसएस क्यों देश की संस्थाओं का सम्मान नहीं करती है। हमने कर्नाटक की जनता की आवाज की रक्षा की है। भाजपा के पास बहुमत होता तो वह सरकार बना लेती। कर्नाटक की जनता उनके साथ नहीं है। हम हर प्रदेश में जनता की आवाज की रक्षा करेंगे। जहां भी सरकार देश की संस्थाओं को दबाने की कोशिश की जाएगी। हम सब मिलकर भाजपा को हराएंगे।

देश की सारी शक्तियां मोदी के पास

कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला के इस्तीफे को लेकर किए गए सवाल पर राहुल ने कहा, "वो इस्तीफा दें या नहीं, यह दूसरा मुद्दा है। देश की सारी शक्तियां तो प्रधानमंत्री मोदी के पास हैं।"

लोग राहुल गांधी को ही पागल कहेंगे: भाजपा

केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने राहुल गांधी के बयान पर कहा, ''प्रधानमंत्री के बारे में वह (राहुल गांधी) क्या कह रहे हैं? ये वही पीएम हैं, जिन्होंने साबित किया कि घोटाले मुक्त सरकार कैसे चलाई जाती है। अगर वे ऐसे आरोप लगाएंगे तो देश की जनता कहेगी कि वे दिमागी संतुलन खो चुके हैं।''

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !