BJP के जिस दिग्गज MLA ने अर्जुन सिंह को हराया वही हुआ रिश्वतखोरी का शिकार | MP NEWS

होशंगाबाद। चुनावी साल में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सरताज सिंह ने फिर भाजपा की मुश्किलें बढ़ाने वाला बयान दिया है। होशंगाबाद में पत्रकार वार्ता में सरताज सिंह ने कहा कि प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार का हवाला देते हुए कहा कि कुछ दिन पहले मैं अस्पताल में भर्ती था। अस्पताल का बिल पास करवाने के लिए भी मुझसे कमीशन मांगा गया। जब विधायक को इस स्थिति का सामना करना पड़ रहा है तो आम जनता के क्या हाल होंगे? बता दें कि ये वही सरताज सिंह ने जिन्होंने कांग्रेस के चाणक्य अर्जुन सिंह को चुनाव हराया था। श्री सिंह वाजपेयी सरकार में भी मंत्री रहे। 

सरताज सिंह ने कहा कि भाजपा का नेतृत्व कमजोर हो चुका है, हम जनता का विश्वास खो चुके हैं। कमियां नहीं सुधारी गईं तो आने वाले चुनाव में पछताना पड़ सकता है। अफसरशाही पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन से लोग बेहद परेशान हैं। अधिकारी हमारी सुनते ही नहीं हैं। बिजली हो या राजस्व अधिकारी सबकी मर्जी चल रही है। लोगों की परेशानी दूर नहीं होती है। सरताज सिंह ने कहा कि आम जनता, किसान, युवा सरकार से नाराज हैं। हम जनता का विश्वास खो चुके हैं।सरताज सिंह ने हाल ही में हुए मुंगावली और कोलारस उपचुनावों में मिली हार का ठीकरा पार्टी के वरिष्ठों पर ही फोड़ दिया। उनका कहना है कि पार्टी में भी गिरावट आई है। कार्यकताओं की इज्जत करने वाली भाजपा में अब मेरे जैसे कार्यकर्ताओं का भी सम्मान नहीं रहा। ऐसे माहौल में तो अब मेरा दम घुटने लगा है।

सरताज सिंह से हुए सवाल-जवाब
प्रश्न - कहीं ऐसा तो नहीं कि मंत्री पद छिनने के बाद की नाराजगी हो?
सरताज - ऐसा बिल्कुल नहीं है मंत्री पद दो साल पहले ही छीन लिया था पद छीनने के बाद भी मैं किसी के पास नहीं गया और ना मैंने कुछ कहा।

प्रश्न- 60 के दशक से भाजपा से जुड़े रहने के बाद आखिर ऐसा क्या हुआ कि अब नाराजगी है ऐसा क्यों?
सरताज - मुझे पार्टी से नाराजगी नहीं है, हां जो गिरावट आई है उससे बहुत दुखी हूं। इसी बात को ऊपर तक पहुंचाने के लिए मैंने यह कदम उठाया है।

प्रश्न- क्या पार्टी हाईकमान में आपकी बातें सुनी जा रही हैं?
सरताज - अभी तो प्रयास शुरू किया है, आगे देखते हैं कि क्या होता है।

प्रश्न- पार्टी में किस प्रकार की गिरावट की बात कर रहे हैं, आखिर क्या चल रहा है?
सरताज - महंगाई, बेरोजगारी बढ़ रही है आम जनता परेशान है। इससे जनता का विश्वास उठ रहा है। इसकी वजह नेतृत्व का कमजोर होना है, सुनने वाला कोई नहीं है।

प्रश्न- आगामी आम चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन कैसा देखते हैं, क्या स्थिति रहेगी?
सरताज - 77 की तरह 2018 के चुनाव भी कोई पार्टी नहीं लड़ेगी। जनता यह चुनाव लड़ेगी। ज्यादा समय नहीं बचा है । यदि समय रहते जो कमियां आई हैं उनमें हमने सुधार नहीं किया तो पछताना भी पड़ सकता है।

प्रश्न- हाल ही में हुए उपचुनाव में क्यों हारे, क्या वजह रही?
सरताज - उपचुनाव में हार दर्शाती है कि हम जनता का विश्वास खोते जा रहे हैं। कार्यकर्ता नाराज है और उसे दूर करने की दिशा में कुछ नहीं किया जा रहा है। इसके लिए पार्टी के अंदर मंथन और विचार करने की जरूरत है।

प्रश्न- अगले चुनाव में आपका उत्तराधिकारी कौन होगा
सरताज - इसका फैसला लेने वाला मैं कौन होता हूं। इसे पार्टी तय करेगी, जो भी उम्मीदवार होगा उसके लिए मैं काम करूंगा ।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !