5 माह में 5 साल की कसर पूरी कर दूंगा: शिवराजसिंह चौहान | MP ELECTION NEWS

शिवपुरी। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कोलारस क्षेत्र में कांग्रेस के विधायक और सांसद रहे लगातार यह क्षेत्र विकास में पिछड़ गया है। विकास इस क्षेत्र से अछूता है। जिसकी जिम्मेदार कांग्रेस है। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार आने वाले पांच माह में पांच साल की विकास की कोर कसर पूरी करेगी। इस क्षेत्र का समग्र विकास करना भाजपा की जिम्मेदारी है। इस चुनाव में भाजपा का विधायक बनाएं और साथ में मुख्यमंत्री को बोनस में पाए। यह बात मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोलारस विधानसभा उपचुनाव में आज भैरो की राई में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही। 

मुख्यमंत्री ने मेघोनाबड़ा, मुढैरी, देहरदा गणेश एवं खरई में जनसभाओं को संबोधित कर विभिन्न गांवों में जनदर्शन (रोड शो) किया। इस दौरान हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ ने मुख्यमंत्री का स्वागत अभिनंदन किया। श्री चौहान ने कहा कि भैरो की राई सिद्ध जगह है और हम विकास को इस क्षेत्र में सिद्ध करना चाहते है। जनता के कल्याण को सिद्ध करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि मेरा एकमात्र संकल्प कोलारस का विकास है क्योंकि सिर्फ विकास ही चुनाव का मुद्दा है और विकास के दम पर ही हम यह चुनाव जीतेंगे। 

उन्होंने उपस्थित जनता से प्रश्न किया कि यहां के सांसद केन्द्र सरकार में मंत्री रहे लेकिन कोलारस में विकास क्यों नहीं किया ? यह क्षेत्र कांग्रेस को लगातार जीताने वाला है लेकिन आज पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि चुनाव विकास के लिए और जनता की भलाई के लिए होता है। भाजपा सरकार ने गांव, गरीब और किसानों के लिए लगातार काम किए लेकिन कांग्रेस ने सिर्फ किसान और गरीब के नाम पर राजनीति करने का काम किया। हमने कोलारस में सिंध नदी का पानी खेतों तक पहुंचाने का काम किया लेकिन कांग्रेस ने अपनी सरकार में 18 प्रतिशत का ब्याज लगाकर किसानों को लूटने का काम किया।

उन्होंने कहा कि किसानों का गेहूं 2000 रूपए क्विंटल बिके यह निर्णय लेने वाली सिर्फ भाजपा सरकार है। किसानों के हित में जितने निर्णय लिए है कांग्रेस ने उसमें से आधे निर्णय करने की हिम्मत नहीं की। कांग्रेस गरीब विरोधी है। इंदिरा आवास के नाम पर कांग्रेस ने गरीबों का मजाक उड़ाया लेकिन भाजपा सरकार ने फैसला लिया कि जितने गरीब मध्यप्रदेश में रहतें है उन्हें बिना जमीन के नहीं रहने दिया जायेगा। उन्हें पट्टा देकर जमीन का मालिक बनाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी श्री देवेन्द्र जैन को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाइए आपको बोनस में शिवराजसिंह चौहान भी आपको सेवा के लिए हमेशा तत्पर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सभा में मौजूद जनसमुदाय को संकल्प दिलाते हुए कहा कि चुनाव को आंदोलन बनाओ और विरोधियों से कह दो कि यह चुनाव भाजपा नहीं जनता लडेगी और हर व्यक्ति भाजपा प्रत्याशी बनकर चुनावी समर में उतरेगा।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !