भोपाल के 2 विधायकों के समर्थक भाजपा नेता पर DOCTOR से अवैध वसूली का आरोप

भोपाल। राजधानी के 2 विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह एवं रामेश्वर शर्मा के समर्थक एवं भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कुलदीप खरे पर एक डॉक्टर से अवैध वसूली का आरोप लगा है। शिकायत में बताया गया है कि कुलदीप खरे ने दीपावली मनाने के लिए डेढ़ लाख रुपए की मांग की। कुलदीप की पत्नी नीतू खरे भाजपा से पार्षद भी हैं। डॉ. केएस बुधवानी ने मेडिको लीगल इंस्टीट्यूट के रिटायर्ड डायरेक्टर डॉ. डीके सत्पथी के साथ जाकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, संगठन महामंत्री सुहास भगत से लेकर स्थानीय विधायक रामेश्वर शर्मा और महापौर आलोक शर्मा तक को इसकी शिकायत की है। जिला भाजपा अध्यक्ष विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह और सांसद आलोक संजर के पास भी यह शिकायत पहुंच गई है। 

नीतू खरे वार्ड नंबर 6 की पार्षद हैं। यह क्षेत्र हुजूर विधानसभा में आता है। शिकायत में कहा गया है कि खरे ने जनभागीदारी से सड़क निर्माण को लेकर डॉ. बुधवानी से चर्चा की। पहले उनसे कहा कि आप तीन लाख रुपए का सहयोग कर दीजिए, शेष तीन लाख नगर निगम के कोटे से मिलाए जाएंगे। डॉ. बुधवानी ने नगर निगम कमिश्नर के नाम से डेढ़ लाख रुपए का चेक दे दिया। इसके बाद खरे ने डॉ. बुधवानी से कहा कि शेष डेढ़ लाख रुपए आप मुझे नगद दे दीजिए। आखिर हमें भी दीपावली मनाना है। 

इस मांग से चौंके डॉ. बुधवानी डॉ. सत्पथी के साथ भाजपा नेताओं के पास पहुंच गए और शिकायत कर दी। सांसद संजर, विधायक रामेश्वर शर्मा और महापौर आलोक शर्मा तीनों ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। नेताओं ने कहा इसकी जांच होगी। उधर, खरे ने कहा कि उन्होंने नगद राशि की मांग नहीं की। सड़क निर्माण में जनभागीदारी के लिए उनसे डेढ़ लाख रुपए का चेक लिया था। 

सुरेन्द्र नाथ सिंह और रामेश्वर शर्मा से हैं मधुर संबंध
बताया जा रहा है कि कुलदीप खरे के भाजपा विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह और रामेश्वर शर्मा से काफी मधुर संबंध हैं। उनकी फेसबुक प्रोफाइल पर भी दोनों नेताओं के साथ कुलदीप के कई फोटो दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसी कृपा के चलते कुलदीप खरे को भाजपा का जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। सुरेन्द्र नाथ सिंह भाजपा के जिलाध्यक्ष भी हैं। विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ कुलदीप कई कार्यक्रमों में नजर आते हैं। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !