भोपाल में छिंदवाड़ा के छात्र की हत्या, BIRTH DAY पार्टी में सिगरेट के धुएं पर हुआ था विवाद

Updesh Awasthee
भोपाल। बजरिया इलाके में जरा से विवाद पर एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्या एक बर्थडे पार्टी के दौरान की गई। पार्टी में 2 युवक सिगरेट के छल्ले उड़ा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक छात्र के मुंह पर धुआं छोड़ दिया। छात्र ने इसका विरोध किया तो युवकों ने चाकू घोंप कर उसकी हत्या कर दी। विवाद के दौरान हत्यारोपियों ने छात्र पर कई वार किए। जिस समय घटना हुई पार्टी चल रही थी। कई लोग मौजूद थे। घटना शुक्रवार रात 10 बजे की है। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के दोस्त की शिकायत पर 4 नाबालिग समेत सभी 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

एसआई बजरिया डीपी सिंह के अनुसार मूलतः छिंदवाड़ा निवासी 22 वर्षीय रुद्र उर्फ संतोष किराए से अशोका गार्डन में रहता था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। रुद्र के दोस्त 25 वर्षीय मुकेश नागले ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार रात बजरिया स्थित द्वारका नगर में राहुल कुशवाहा के घर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गए थे। उनके साथ में दोस्त मयंक शर्मा और हैदर भी थे। 

पहले से दुश्मनी के नहीं मिले सबूत 
एसआई सिंह ने बताया कि जिस तरह से आराेपियों ने रुद्र को निशाना बनाकर हत्या की है, उससे पुरानी रंजिश का मामला लग रहा था। लेकिन ऐसा कुछ सामने नहीं आया है। अब तक की जांच में पता चला है कि रुद्र की आरोपियों से जान पहचान तक नहीं थी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन लेकर छिंदवाड़ा रवाना हो गए। 

इकलौता बेटा था रुद्र 
रुद्र के पिता छिंदवाड़ा में किसानी करते हैं। वह दो बहनों में इकलौता भाई था, जो भोपाल पढ़ने के लिए आया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। मंगलवारा में उसकी मुंह बोली बहन भी रहती है। 

राहुल के घर की छत पर हो रही थी पार्टी 
पार्टी राहुल के घर की छत पर हो रही थी। जैसे ही वे लोग ऊपर जाने लगे तो सीढ़ियों पर उतरते समय ऐशबाग निवासी 22 वर्षीय नईम ने रुद्र के मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ दिया। उन्होंने इसका विरोध किया, तो नईम ने साथियों के साथ मिलकर हम लोगों से मारपीट शुरू कर दी। नईम के साथ आदिल, सोनू, छोटू समेत 10-12 लोगों ने डंडों से रुद्र को पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने उसके सीने और पेट में कई बार चाकू घोंपे। इसकी सूचना तुरंत ही हम लोगों ने डायल-100 दी। पुलिस के पहुंचने के पहले ही सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने लोगों की मदद से रुद्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में नईम चांद, इमरान, आदिल, सोनू, अर्शिल और छोटू समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में से चार नाबालिग हैं। रविवार सभी आरोपियों को पुलिस न्यायालय में पेश करेगी। 
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!