केंद्रीय मंत्री के पुत्रमोह के खिलाफ मुखर हुए भाजपाई, मामला थाने तक पहुंचा

इंदौर। यहां 2 केंद्रीय मंत्रियों के समर्थक सोशल मीडिया में आपस में भिड़ गए। मामला केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत की यात्रा से शुरू हुआ। केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के समर्थक भाजपाईयों ने थावरचंद पर पुत्रमोह का आरोप लगाते हुए कमीशनबाज तक बता दिया। बदले में गेहलोत समर्थक थाने जा पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामला शांत कराया। इस दोरान सोशल मीडिया पर ही कांग्रेसियों ने भी इस विवाद का खूब आनंद लिया। 

27 जनवरी को केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत देवास आए थे। उनके आगमन के दौरान शहर के राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हुई थी। चूंकि गेहलोत पूर्व में देवास-शाजापुर क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। वर्तमान में मनोहर ऊंटवाल इस सीट से सांसद हैं। इसको लेकर तुलना की जा रही थी। सिद्धार्थ मोदी ने गेहलोत को लेकर फेसबुक पर पोस्ट शेयर की। इसमें लिखा था- गेहलोत न किसी के लिए कुछ करेंगे, न किसी के नाम पर अड़ेंगे। इस पर कई कमेंट आए थे। 

बंटी तोमर ने लिखा कि गेहलोत जब सांसद थे, तब एक भी काम नहीं करवा सके। अब मंत्री हैं तो किसी कार्यकर्ता को पद नहीं मिलेगा। मंत्री जी ने सिर्फ अपने पुत्र को टिकट दिलवाया और विधायक बनवाया। पुत्रमोह पहले है, कार्यकर्ता हार पहनाने के लिए हैं। इसके अलावा युकां नेता गौरव जोशी, राम चौहान आदि ने भी कमेंट किए। खास बात यह है कि बंटी तोमर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के समर्थक हैं। मामला सामने आने के बाद यही चर्चा चल रही है कि दो केंद्रीय मंत्रियों के समर्थक आमने-सामने हुए हैं।

थाने में आवेदन दिया
पोस्ट पर कुछ भाजपा नेताओं ने आपत्ति ली और बात पुलिस तक पहुंची। भाजपा अजा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हंसराज नरवले, प्रदेश कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर मालवीय व मंडल उपाध्यक्ष भाजयुमो बलजीत सिंह चौहान ने इंदौर के विजय नगर थाने में आवेदन दिया। इसमें बताया कि राम चौहान, गौरव जोशी, सिद्धार्थ मोदी व बंटी तोमर ने केंद्रीय मंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। राम चौहान और गौरव जोशी ने कमेंट में मंत्री पर कमीशन के आरोप लगाए, जो सरासर गलत है। इससे भाजपा अजा वर्ग के सम्मान को ठेस पहुंची है। संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

सूत्रों के मुताबिक मामले में पुलिस ने राम चौहान को थाने बुलाकर उससे माफीनामा लिखवाया है। मामले में चंद्रशेखर मालवीय ने कहा कि फेसबुक पोस्ट पर केंद्रीय मंत्री के खिलाफ गलत बातें लिखी गई थीं। इस पर आपत्ति जताकर थाने में आवेदन दिया है और संबंधितों पर कार्रवाई की मांग की है।

कुछ गलत नहीं लिखा
युकां प्रवक्ता गौरव जोशी ने कहा कि जो बात मैंने लिखी थी उसमें कुछ भी गलत नहीं है। किसी तरह की अभद्रता नहीं की। इस तरह की बातें सोशल मीडिया पर आए दिन होती हैं। अब अगर केंद्रीय मंत्री इतनी सी बात पर नाराज होते हैं तो मामला समझा जा सकता है। भाजपा के ही बंटी तोमर ने भी अपनी बात रखी।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !