तमिलनाडु का पॉलिटिकल ड्रामा चालू आहे: पन्नीर बाहर, पलनिसामी नेता

Updesh Awasthee
चेन्नई। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद ससिकला ने 2 बड़े फैसले किए हैं। पहला उन्होंने ओ पन्नीरसेल्वम को पार्टी से बाहर निकाल दिया है और दूसरा के. पलनिसामी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इसी के साथ तमिलनाडु का पॉलिटिकल ड्रामा चालू आहे। 

कोर्ट के आदेश के बाद गिरफ्तारी की तलवार लटकने के बावजूद ससिकला ने रिजॉर्ट में ठहरे विधायकों के साथ बैठक की। इस मीटिंग में उन्होंने आगे की रणनीति तय की। इसके तुरंत बाद पन्नीसेल्वम की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता खत्म करने का ऐलान कर दिया गया। वहीं, ई पलनिसामी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

पश्चिमी रीजन के बड़े नेता हैं पलनिसामी 
पलनिसामी जयललिता के बेहद करीबी माने जाते हैं। वह पश्चिमी रीजन के बड़े एआईएडीएमके नेता माने जाते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि बाकी विधायक भी उन्हें समर्थन देते हैं कि नहीं। मीटिंग में शशिकला के वफादार विधायकों के अलावा परिवार के सदस्य भी शामिल हुए। इनमें जयललिता के भतीजे दीपक जयकुमार भी शामिल हुए। 

दीपक जयकुमार ने प्रस्ताव ठुकराया 
माना जा रहा है कि शशिकला पहले दीपक जयकुमार ही विधायक दल का नेता चुनकर सीएम कैंडिडेट बनाना चाहती थीं। सूत्रों के मुताबिक, पन्नीरसेल्वम खेमे को कमजोर करने के लिए शशिकला ने दीपक के जरिए इमोशनल कार्ड खेलने का फैसला किया था। हालांकि, दीपक ने प्रस्ताव को ठुकरा दिया, जिसके बाद पलानीसमी को विधायक दल का नेता चुना गया।

रिजॉर्ट की राजनीति जारी है 
पन्नीसेल्वम के विद्रोह के बाद से ही 100 से ज्यादा विधायक एक रिजॉर्ट में ठहरे हुए हैं। पन्नीरसेल्वम खेमे ने आरोप लगाया है कि उन्हें जबरन रोक कर रखा गया है। यहां एक आईजी के नेतृत्व में 350 से ज्यादा पुलिसवालों को तैनात किया गया है। फैसला आने के बाद भी यहां शशिकला समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। हालांकि, फैसले के बाद भी कोई भी विधायक रिजॉर्ट से बाहर नहीं आया।

पन्नीरसेल्वम के घर के बाहर समर्थकों की भीड़ 
वहीं, पन्नीसेल्वम के घर के बाहर भी समर्थकों की भीड़ जुटी है। मंगलवार को भी शशिकला खेमे के एक और विधायक के उनके खेमे में जाने की खबर आई। पन्नीरसेल्वम ने अपने निवास पर समर्थकों को संबोधित करते हुए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अम्मा (जयललिता) का गुड गवर्नेंस आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा, 'एकजुट एआईएडीएमके के सभी विधायकों के समर्थन से अम्मा की सरकार आगे भी चलती रहेगी। यह हमारी जिम्मेदारी है कि शांति-व्यवस्था को कायम रखा जाए।'
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!