कांग्रेस के घायल प्रदेशाध्यक्ष पर लाठीचार्ज के बाद एफआईआर दर्ज

भोपाल। भोपाल पुलिस ने कटनी कालाधन कांड के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष अरुण यादव पर पहले लाठीचार्ज किया और अब घायल यादव स​मेत 400 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। रिपोर्ट भोपाल के हबीबगंज थाने में दर्ज की गई है। इधर घायल अरुण यादव की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। 

बता दें कि कटनी में हुए कालाधन कांड को लेकर सोमवार 17 जनवरी को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने निकले कांग्रेस नेताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया गया था। लाठीचार्ज में पीसीसी चीफ अरुण यादव को पुलिसकर्मियों ने घेरकर मारा। यादव को इलाज के लिए चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें आईसीयू में रखा गया है। यादव के समर्थन में प्रदेश भर में कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया।

करीब 500 नेताओं के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज 
सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर किए गए कांग्रेसियों के प्रदर्शन मामले में बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हबीबगंज थाना प्रभारी रवींद्र यादव ने बताया कि प्रदर्शन को लीड करने वाले कांग्रेस नेता अरुण यादव, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विपिन वानखेड़े सहित 400-500 अन्य कांग्रेसियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

चोटिल ASI को फरियादी बनाया गया
कांग्रेस नेताओं को प्रदर्शन के लिए जो अनुमति दी गई थी, उसकी शर्तों का उल्लंघन कर पुलिसकर्मियों में पथराव कराने और अभद्र व्यवहार करने का मामला भी दर्ज किया गया है। वहीं प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों को उनके कार्यों से रोकने पर शासकीय कार्य में बाधा का मामला लगाया गया है। इस मामले में प्रदर्शन के दौरान शिवाजी चौक पर ड्यूटी कर रहे टीटी नगर थाने के एएसआई हरिनारायण लोधी के हाथ में चोट आई है। पुलिस ने उन्हें ही फरियादी बनाकर कांग्रेसियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 

कांग्रेस ने चलाए पत्थर इसलिए किया लाठीचार्ज: पुलिस 
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने हुए लाठीचार्ज को लेकर भोपाल पुलिस पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। पुलिस अफसरों को तर्क है कि कांग्रेसियों को पहले शांतीपूर्व तरीके से प्रदर्शन करने की चेतवानी दी गई थी। भोपाल साउथ एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने कहा कि कांग्रेसियों ने पहले पुलिस पर पथराव किया था। पथराव से बचने के लिए पुलिस ने पहले वॉटर केनन का इस्तेमाल किया और बाद में बल प्रयोग करना पड़ा। बाद में पुलिस ने कांग्रेसियों के खिलाफ हबीबगंज थाने में मुकदमा भी दर्ज किया।

कांग्रेस भी पहुंची FIR कराने
वहीं कांग्रेस नेता भी आज हबीबगंज पुलिस थाने पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मी और पुलिस अफसरों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। इस दौरान इन्होंने शिकायत पत्र भी पुलिस को दिया। कांग्रेस का कहना है कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की तो तन्खा इस मामले में कोर्ट में निजी इस्तगासा दायर करेंगे।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !