मधुबनी/बिहार। ननद के थप्पड़ का बदला पहले तो भाभी ने उसे जहर देकर मौत की नींद सुला कर लिया और जब उसकी जेठानी ने उसे काम करने के लिए कहा तो उसे भी जहर देकर मारने का विफल प्रयास किया। घटना मधुबनी के बाबूबरही थाना के कलुआ गांव की है. आरोपी महिला के पति श्याम कुमार महतो ने अपनी पत्नी किरण और उसके मामा विनोद कुमार सिंह के खिलाफ बाबूबरही थाना में केस दर्ज कराया है. पुलिस पूछताछ में महिला ने अपना गुनाह भी कबुल कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक हत्या की आरोपी किरण देवी की छोटी ननद संगीता ने किसी बात पर उसे थप्पड जड़ दिया था. इससे आक्रोशित किरण देवी ने उसे जहर दे दिया जिससे संगीता की मौत हो गयी. परिजनों ने आरोपी के कहने पर और स्व विवेक पर इसे स्वभाविक मौत समझा और संगीता का अंतिम संस्कार भी कर दिया. इस घटना के कुछ दिनों बाद आरोपी किरण ने अपनी जेठानी को भी जहर देकर मारने का प्रयास किया.
हालांकि इलाज के बाद उसकी जान बच गयी. पंचायत के सामने जब किरण के सामानों की तलाशी ली गई तो जहर की शीशी बरामद की गयी, आरोपी से जब सख्ती से पुछताछ की गयी तो किरण ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया. पुलिस मे मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
