अब संगीत, व्यायाम और खेलों के लिए भी अतिथि शिक्षक रखे जाएंगे: शिक्षामंत्री

भोपाल। स्कूलों में विभिन्न विषयों को पढ़ाने के लिए ही अतिथि शिक्षक रखे जाते थे। अब नई व्यवस्था के तहत संगीत, व्यायाम और खेलों के लिए भी अतिथि शिक्षक रखे जाएंगे। यह बात मंगलवार को स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह ने कही। वे तुलसी नगर स्थित नवीन कन्या स्कूल परिसर में कन्या छात्रावास के उद्घाटन पर बोल रहे थे। शाह ने कहा कि वर्तमान में गणित, विज्ञान, इंग्लिश जैसे विषयों को पढ़ाने के लिए अतिथि शिक्षक रखे जाते हैं। अन्य क्षेत्रों में यह व्यवस्था नहीं है। इस कारण संगीत, कला, खेल आदि क्षेत्रों में भी अतिथि शिक्षक रखे जाएंगे।

हर जिले से दो-दो छात्र-छात्राओं का चयन
उन्होंने घोषणा की कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए इंदौर में मल्हार आश्रम में 32 एकड़ जमीन पर विश्वविद्यालय स्तर का बड़ा खेल संस्थान बनाया जाएगा। ताकि बच्चों का खेलों के प्रति रुझान बढ़े। इसके लिए छठवीं से बच्चों का चयन किया जाएगा। हर जिले से दो छात्र और दो छात्राओं का चयन इस संस्थान के लिए होगा।

दो महीने में स्वास्थ्य परीक्षण
शाह ने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं का हर दो महीने में स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। अगर जरूरत पड़ी तो प्राइवेट डॉक्टर्स की सेवाएं भी ली जाएंगी। इसी के साथ गुणवत्ता युक्त पौष्टिक भोजन भी दिया जाएगा। इस मौके पर राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता भी उपस्थित थे। करीब एक करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से बने छात्रावास में 25 कमरे हैं। इसमें 104 छात्राएं रहेंगी। इसी के साथ छात्रावास में काम करने वाले कर्मचारियों को कलेक्टर रेट पर भुगतान किया जाएगा।
NCERT सिलेबस पढ़ेंगे
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूलों में एनसीईआरटी सिलेबस पढ़ाया जाएगा। ऐसे में छात्र सीबीएसई स्कूलों की शिक्षा के समकक्ष आएंगे। इसकी तैयारियां चल रही हैं।

जरूरतमंद सिलेंगे यूनिफार्म
शाह ने कहा कि अगले साल से छात्राओं को चैक नहीं दिया जाएगा। उन्हें गरीब, बेसहारा, परित्यक्ता, विधवा महिलाओं द्वारा सिली गई यूनिफार्म दी जाएगी। इसी यूनिफार्म का वितरण किया जाएगा। इस मौके पर राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, अपर संचालक डीएस कुशवाह, जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा, स्कूल की प्राचार्य अर्चना शर्मा, पार्षद अमित शर्मा आदि उपस्थित थे।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !