
मध्यप्रदेश (बुंदेलखंड) पन्ना शहर से करीब 3 किमी दूर पुरुषोत्तम गांव से सटे बारुद के गोदाम में शनिवार दोपहर भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में पटाखा कारोबारी नीरज गुप्ता (35) और उनके भाई हार्दिक(25) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रीवा रेफर किया गया है। वहीं नीरज की 3 साल की भतीजी चीनी जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी लगते ही एसपी ओपी त्रिपाठी और कलेक्टर शिवनारायण चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे।
जानकारी के मुताबिक, नीरज गुप्ता शहर के जाने-माने पटाखा कारोबारी हैं। वे थोक का काम करते हैं। इससे पहले उनका गोदाम शहर की आबादी के बीच किशोरगंज में मौजूद था। पिछले साल गोदाम में विस्फोट होने पर उनके माता-पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद उन्होंने गोदाम शहर की सीमा से बाहर शिफ्ट कर किया था। हालांकि जहां यह गोदाम है उसके 100 मीटर के दायरे में महर्षि CBSE स्कूल है। इसलिए कलेक्टर ने यहां गोदाम बनाने की अनुमति किस आधार पर दी, इसे लेकर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले गोदाम की अनुमति नीरज की मां के नाम थी।