केदारनाथ हादसा: अब जाकर मिले मप्र के 19 लोगों के शव

Updesh Awasthee
भोपाल। उत्तराखंड के केदारनाथ में 2013 में भूस्खनल और बाढ़ का शिकार हुए प्रदेश के 19 लापता लोगों के शव मिट्टी में दबे मिले। उत्तराखंड सरकार ने पहचान के बाद मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी किए। इनमें से दो भोपाल और छह इंदौर के हैं। मृतकों में राजगढ़, भिंड, छतरपुर, सागर और उज्जैन के लोग भी शामिल हैं, लेकिन उनके परिजन प्रशासन को नहीं मिल पा रहे हैं।

इंदौर के जिन छह लोगों के शव मिले हैं, उनमें इंद्र सिंह पिता ओमकार सिंह, देवकुंवर पत्नी अंतर सिंह समेत नर्मदानंद गिरि, आनंद गिरि, दुर्गानंद गिरि और प्रेमानंद गिरि (सभी के पिता महंत विद्यानंद गिरि) शामिल हैं। भोपाल के सत्यम श्रीवास्तव पिता पराग श्रीवास्तव और सतीश वर्मा पिता एसपी वर्मा के भी मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी किए गए हैं।

दोनों के नाम न प्रदेश से लापता लोगों की सूची में हैं और न मृतकों की सूची में। दोनों के परिजन ने भी भोपाल के किसी थाने में गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी। चार दिन से जिला प्रशासन परिजन को तलाश रहा है। सत्यम का पता स्टेट बैंक कॉलोनी जहांगीराबाद दर्ज है, लेकिन तहसीलदार और एसडीएम वहां पूछताछ कर चुके हैं। कोई भी सत्यम या उसके पिता का पता नहीं बता पाया। कुछ लोगों ने श्रीवास्तव परिवार के अरेरा कॉलोनी में रहने के बारे में बताया। सतीश का पता एमपी नगर दर्ज है, लेकिन उसके भी परिजन प्रशासन को नहीं मिल रहे हैं।

प्रदेश के 1032 लोग हुए थे लापता
केदारनाथ त्रासदी में मप्र के 1032 लोग लापता हुए थे। इनमें से 542 की मौत की पुष्टि हो गई थी। लापता में भोपाल के 24 लोग शामिल थे, जिनके मृत्यु प्रमाण-पत्र पहले ही जारी हो चुके हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!