SAHARA के 14000 करोड़ SEBI को लौटाने पड़ेंगे: सहाराश्री

वाराणसी। यदि सहारा प्रमुख सुब्रतो राय की बात मानें तो आज नहीं तो कल सेबी को सहारा के 14000 करोड़ भी वापस लौटाने पड़ेंगे क्योंकि सेबी सही सत्यापन को टाल रही है। जब तक वो टाल रही है तब तक 14000 फंसे हुए हैं। जिस दिन सही सत्यापन हो गया, उस दिन सारे पैसे वापस आ जाएंगे। 

सहारा इंडिया परिवार के चेयरमैन सुब्रत रॉय सहारा शुक्रवार को जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान पर अपने कर्मचारियों और निवेशकों से ‘आभार यात्रा’ में मुखातिब हुए और सेबी की कार्रवाई को गलत बताते हुए अपना पक्ष रखा। लगभग पांच हजार कार्यकर्ताओं और निवेशकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 30 माह से सहारा समूह एक प्रतिबंध के तले दबा हुआ है।

इसका सीधा मतलब यह है कि अगर सहारा कोई भी संपत्ति उधार रखकर या बेचकर रकम जुटाता है तो पूरा धन सेबी-सहारा के खाते में ही जाएगा। सहारा अपने समूह के लिए एक भी रुपया नहीं जुटा सकता। यही कारण है कि आज सहारा को अपने कार्यकर्ताओं का वेतन एवं अन्य नियामक दायित्व को पूरा करने में कठिनाई हो रही है।

सहारा प्रमुख ने कहा कि हमसे अपेक्षा की जा रही है कि हम चलें, जबकि हमारे हाथ-पैर बंधे हुए हैं। इसके बाद सवाल भी उठ रहे हैं कि वे चल क्यों नहीं रहे हैं। कहा कि हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। न्याय किन्हीं वास्तविक व अन्य कारणों से भले देर से मिले, अंतत: न्याय होता जरूर है। सहारा-सेबी मामले में पिछले 43 महीने में निवेशकों को मात्र 50 करोड़ रुपये ही लौटाए गए हैं।

अखबारों में विज्ञापन देने के बावजूद सेबी को 50 करोड़ रुपये ही मिले। अत: सेबी द्वारा किसी भी स्थिति में कुल धन वापसी सौ करोड़ रुपये से अधिक नहीं होगी, जबकि सहारा सेबी को पहले ही 14 हजार करोड़ (फिक्स डिपॉजिट पर प्राप्त ब्याज सहित) दे चुका है। 20 हजार करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों के मूल दस्तावेज भी सेबी के पास ही हैं।

सुब्रत रॉय सहारा ने कहा कि सहारा के निवेशकों के न होने के सेबी के दावे पर इतना ही कहूंगा कि एक भी खाता जाली नहीं है। हमारी मजबूती इसी से स्पष्ट हो जाती है कि सेबी निवेशक सत्यापन प्रक्रिया को लगातार टाल रहा है। दरअसल, सेबी जानता है कि यदि सत्यापन सही ढंग से किए जाएंगे तो सहारा का दावा सही साबित होगा। तब अदालत का फैसला हमारे हक में होगा और सहारा का सारा धन उसके पास लौट आएगा। आभार यात्रा कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व सहारा प्रमुख ने यहां नदेसर स्थित होटल ताज में सहारा इंडिया परिवार के लोगों से मुलाकात भी की।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!