
वह अपने दोस्तों को बारिश में नहाते देख छत पर गया था। बिजली गिरते ही वह फर्श पर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सतीश मूलत: रीवा का रहने वाला था। एलएनसीटी कॉलेज से बीई (सिविल) में प्रथम वर्ष का छात्र सतीश राधाकुंज कॉलोनी में किराए पर कमरा लेकर रहता था।
मौसेरे भाई ने सुनाई आंखों देखी दास्तान
मौसेरे भाई नीरज ने बताया कि दिन में उमस बहुत ज्यादा थी। शाम को मौसम ठंडा हुआ तभी हमने मन बना लिया था कि बारिश हुई तो छत पर नहाएंगे। शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज बारिश होने लगी। मैं, संदीप और सुजीत छत पर नहाने लगे। हमें देखकर सतीश भी आ गया। अचानक बिजली चमकी और हमारी आंखें चौंधिया गईं। दस सेकंड बाद देखा तो सतीश फर्श पर गिरा था। उसके कपड़े फटे थे। अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
तभी बिजली गिर गई
राधा कुंज कॉलोनी स्थित किराए के मकान में रहकर सतीश, नीरज, मृगेंद्र और रजनीश इंजीनियरिंग कर रहे हैं। नीरज के मुताबिक उस वक्त हम सब मस्ती कर रहे थे। सतीश से थोड़ा दूर हुए, तभी बिजली गिर गई। बिजली गिरने से उसे भी जोरदार झटका लगा था। सतीश का एक बड़ा भाई है विकास, जो हाल ही में सेना में भर्ती हुआ है। पिता रामभग किसान हैं और बड़ी बहन की शादी हो चुकी है।