श्योपुर। शहडोल के भाजपा सांसद दलपत सिंह परस्ते के देहांत की वजह से मप्र भाजपा ने गुरुवार को एक दिन का शोक घोषित किया गया था। भाजपा ने मप्र में इस दिन सारे कार्यक्रम निरस्त कर दिए थे, लेकिन श्योपुर में भाजपा युवा मोर्चा को इससे कोई सरोकार हीं नहीं था। जहां पूरे प्रदेश में भाजपाई शोक मना रहे थे, वहीं शहर में भाजयुमो कार्यकर्ता बाइक रैली निकाल कर जमकर डीजे की धुनों पर जश्न मना रहे थे।
गौरतलब है कि बुधवार को शहड़ोल के भाजपा सांसद दलपत सिंह का निधन हो गया। लिहाजा मप्र भाजपा ने गुरुवार को होने वाले विकास पर्व के सारे कार्यक्रम निरस्त कर दिए। बावजूद इसके श्योपुर में भाजपा युवा मोर्चा ने पार्टी में राज्य स्तर पर घोषित किए गए शोक को नजरअंदाज कर शहर में न सिर्फ बाइक रैली निकाली, बल्कि कार्यकर्ताओं ने डीजे की धुन पर जमकर शोर मचाया।
बाइक रैली को भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र मीणा ने हरी झंडी दिखाकर भाजपा कार्यालय से रवाना किया। यह रैली शिवपुरी रोड, बायपास रोड, पाली रोड, बड़ौदा रोड, टोडी बाजार, मैन बाजार, जय स्तंभ चौक होते हुए वापस भाजपा कार्यालय पर पहुंचकर संपन्न हुई।