सागर। कहते हैं ना कि कोई भी चांस लास्ट नहीं होता, वो हमेशा सेकेंड लास्ट होता है। वंदना राजपूत के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। एमपीपीएससी में वो एक के बाद एक लगातार तीन बार फेल हुई, लेकिन चौथी बार ऐसी छलांग लगाई कि मप्र में महिला वर्ग में टॉप कर लिया। वंदना ने एमपी पीएससी 2013 के फाइनल रिजल्ट में 1563 अंक हासिल कर महिला वर्ग की प्रदेश में टॉपर हैं। अब वंदना डिप्टी कलेक्टर बनेगी।
घर में खुशी का माहौल है। वंदना को यह पहली बार में नहीं बल्कि तीन बार असफल होने के बाद मिली। कभी मेंस तो कभी इंटरव्यू में उन्हें हार का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बावजूद भी उन्होंने कभी अपना हौसला नहीं खोया। इस बीच उनका चयन सीडीएस संयुक्त रक्षा सेवा के लिए भी हुआ था, लेकिन चाह डिप्टी कलेक्टर बनने की थी। इसलिए ज्वाइन नहीं किया।
दिन-रात मेहनत की। और चौथे प्रयास में उपलब्धि हासिल की। 29 साल की वंदना मूलरूप से दमोह स्थित बांसा कला की निवासी हैं। मप्र लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा परीक्षा-2013 की अंतिम अंक सूची शुक्रवार शाम जारी की। मार्च-अप्रैल में इंटरव्यू हुए थे।