पटना। नीतीश सरकार द्वारा बिहार में ताड़ी पर प्रतिबंध लगाए जाने का मसला समय के साथ राजनीतिक रंग लेने लगा है। ताड़ी पर प्रतिबंध के खिलाफ सोमवार को लोक जनशक्ति पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री RAMVILAS PASWAN पासी समाज के धरने में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राजद प्रमुख लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर शब्द बाण चलाए।
गर्दनीबाग धरनास्थल पर पहुंचे पासवान ने अखिल भारतीय पासी समाज को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में लालू प्रसाद ने ताड़ी पर प्रतिबंध समाप्त किया था। लेकिन आज वह नीतीश के बंधुआ मजदूर बन गए हैं। ताड़ी पर प्रतिबंध लगाकर नीतीश वाहवाही बटोर रहे हैं और लालू खामोश बैठे हैं। 10 साल तक नीतीश ने लोगों को शराब पीने-पिलाने की आदत डलवाई और अब उस पर रोक लगाकर वाहवाही लूटने के चक्कर में हैं।
वह अपनी प्रवृत्ति के अनुसार काम कर रहे हैं। वह बीमारी नहीं बीमार को खत्म करने में विश्वास करते हैं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने मांग की कि सरकार ताड़ी पर लगाया प्रतिबंध हटाए और राज्य में ताड़ी को उद्योग का दर्जा प्रदान करे। उन्होंने कहा कि सरकार यदि 20 जून तक ताड़ी पर प्रतिबंध नहीं हटाती है तो लोक जनशक्ति पार्टी पासी समाज के साथ मिलकर गांधी मैदान में विशाल रैली आयोजित करेगी।
