जहां ज्यादातर अभिनेता वर्कआउट करते हुए तेज संगीत सुनना पसंद करते हैं वहीं पहलवान से अभिनेता बने दानिश अख्तर जिम में पसीना बहाते हुए बिल्कुल अलहदा संगीत सुनना पसंद करते हैं।
स्टार प्लस के पौराणिक शो ‘सिया के राम’ में हनुमान की भूमिका निभा रहे दानिश जिम में वर्कआउट करते हुए हनुमान चालीसा सुनना पसंद करते हैं। पहलवान होने के नाते दानिश ने स्वीकार किया कि वह महाबली हनुमान के भक्त हैं। ‘‘हम पहलवान बजरंग बली में बेहद आस्था रखते हैं। हम पहलवानी में उतरते हुए या किसी भी कुश्ती से पहले हनुमान चालीसा जरूर सुनते हैं। मुझे लगता है हनुमान की भूमिका निभाना मेरी तकदीर में लिखा था।
कसरत करते हुए हनुमान चालीसा सुनने की बात पर दानिश ने कहा, ‘‘मेरे लिए कसरत करना पूजा करने के समान है। मैं पिछले 4 सालों से हनुमान चालीसा सुन रहा हूं और अब मैं सिया के राम में हनुमान की भूमिका निभा रहा हूं। कसरत करते हुए हनुमान चालीसा सुनने से मुझे बहुत शांति मिलती है और यह मुझे फिर से तरोताजा कर देता है।
