
एनएच-92 पर छीमका गांव के पास सड़क हादसे में आकाश और देवीदयाल घायल हो गए थे। हादसे के कुछ ही मिनट बाद कलेक्टर इलैया राजा वहां से गुजरे। सड़क पर भीड़ जमा देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवा दी। दुर्घटना के बारे में पता चलने पर वो गाड़ी से उतरे और दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए एम्बुलेंस का इंतजार किए बगैर उन्हें अपनी गाड़ी में अस्पताल लेकर गए। कलेक्टर की इस पहल की वजह से दोनों को समय रहते हुए इलाज मिल गया और उनकी जान बचाई जा सकी।
इसी सप्ताह सिवनी कलेक्टर धनराजू एस ने भी एक जरूरतमंद मरीज की मदद कर इंसानियत की एक अनोखी मिसाल पेश की है। कलेक्टर ने गंभीर बीमारी से पीड़ित एक मरीज को खून देकर दरियादिली दिखाई है। जिला अस्पताल में भर्ती यशवंत रहांगडाले की दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं और यशवंत की जिन्दगी डायलिसिस पर टिकी हुई है। 19 अप्रैल के दिन यशवंत के डायलिसिस के लिए एक यूनिट खून की जरूरत थी। कहीं से खून न मिलने पर यशवंत के जानने वालों ने एक वाट्सएप ग्रुप में खून की जरूरत को लेकर एक सार्वजानिक पोस्ट डाल दिया। उसी ग्रुप में कलेक्टर भी जुड़े थे। महज इस वाट्सएप पोस्ट को देखकर कलेक्टर धनराजू एस मरीज को खून देने करने के लिए खुद ही जिला अस्पताल पहुंच गए और फिर बिना किसी को बताए रक्तदान कर अपने घर लौट गए।