
नीदरलैंड से भारत आई 32 साल की विदेशी महिला ऋषिकेश में योग सीख रही थी। 24 फरवरी को वह अचानक लापता हो गई। इसके बाद उसकी बहन ने विदेश मंत्रालय को ट्वीट कर बहन को खोजने की गुहार लगाई थी। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने राज्य सरकार से महिला को जल्द खोजने को कहा था।
इस हाईप्रोफाइल मामले में उत्तराखंड पुलिस सक्रिया हो गई। पुलिस को महिला 4 दिन के बाद यानी 28 फरवरी को बेसुध और नग्न अवस्था में लक्ष्मणझूला-नीलकण्ठ मोटरमार्ग पर मिली। इसके बाद पुलिस ने महिला को इलाज के लिए देहरादून के दून अस्पताल में भर्ती कराया। मेडिकल रिपोर्ट के सामने आने के बाद इस मामले में नया मोड़ आ गया है।
मेडिकल रिपोर्ट में महिला के साथ रेप होने की आशंका जताई गई है। जिस आश्रम में महिला एक दिन के लिए ठहरी थी उसके संचालक स्वामी ओमानन्द के अनुसार वह नशे की हालत में लग रही थी। वो कभी हंस रही थी तो कभी रो रही थी।
इस मामले में सीएम ने कहा है कि हमारी पुलिस ने ही पीड़िता को खोजा है और अगर महिला के साथ कोई अपराध हुआ होगा तो सरकार इसका संज्ञान लेगी और अपराधियों को छोड़ा नहीं जाएगा। पीड़ित महिला को उसकी बहन के पास हॉलैंड भेज दिया गया है।